-संवाददाता-
रायपुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगी। वहीं, 10वीं की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक चलेगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक होगी। 12वीं की पहली परीक्षा हिंदी की होगी, जबकि 10वीं के स्टूडेंट्स को पहले दिन तीसरी भाषा का पेपर देना होगा। प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क 1 जनवरी 2027 से 20 जनवरी 2027 तक होंगे। मंडल ने फिजिकल ट्रेनिंग डिप्लोमा परीक्षा की समय-सारणी भी जारी की है। यह परीक्षा 12 से 20 मार्च तक होगी।
12वीं में 12 मार्च को हिन्दी और 31 मार्च को अंग्रेजी का पेपर : हायर सेकंडरी मुख्य परीक्षा में 12 मार्च को हिंदी, 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखा शास्त्र की परीक्षा होगी।
17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र का पेपर होगा। इसके बाद 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और कम्प्यूटर एप्लीकेशन, जबकि 31 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। अप्रैल में 3 तारीख को इतिहास और बिजनेस स्टडीज, 5 अप्रैल को भूगोल और फिजिक्स और 8 अप्रैल को साइकोलॉजी का पेपर होगा।
10वीं में 20 मार्च को विज्ञान और 30 मार्च को गणित : हाईस्कूल परीक्षा की शुरुआत 13 मार्च को तीसरी भाषा के पेपर से होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू सहित अन्य भाषाएं शामिल हैं। 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान और 20 मार्च को विज्ञान की परीक्षा होगी।
इसके बाद 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित का पेपर होगा। 1 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा होगी। इनमें रिटेल, आईटी और हेल्थ केयर जैसे विषय शामिल हैं। 5 अप्रैल को दृष्टिहीन और मूक-बधिर विद्यार्थियों के विशेष विषयों की परीक्षा होगी।
सुबह 9ः15 बजे से लिख सकेंगे उत्तर : मंडल के निर्देश के मुताबिक परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। सुबह 9ः05 बजे उत्तर पुस्तिकाएं और 9ः10 बजे प्रश्न पत्र बांटे जाएंगे। इसके बाद 9ः15 बजे से उत्तर लिखना शुरू होगा। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले निर्धारित समय पर केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur