गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,17 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक डिप्टी रेंजर को पीटने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार,डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में अवैध लकड़ी कटाई की जांच करने पहुंचे थे,तभी वहां मौजूद शख्स ने जांच का विरोध किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी (43) ने रेंजर को थप्पड़ मारा और वर्दी फाड़ दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। मारपीट में वन अधिकारी घायल हुए हैं। उनके गर्दन पर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है आरोपी ने वन विभाग की जमीन पर कब्जा किया है,इसलिए वह जांच का विरोध कर रहा था। जानकारी के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर की है। डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली। इसके बाद वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे। वहां जांच के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की कार्रवाई भी की गई।कार्रवाई पूरी करने के बाद जब डिप्टी रेंजर लौट रहे थे,तभी आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी वहां पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक,आरोपी ने कार्रवाई को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने सूर्यकांत रात्रे के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक अपशब्द कहे और उनका हाथ व गर्दन पकड़कर मारपीट की। इस दौरान अधिकारी की वर्दी के बटन टूट गए और गर्दन पर खरोंच आई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur