Breaking News

रायपुर@छत्तीसगढ़ में पटवारियों के बाद अब राजस्व निरीक्षक भी हड़ताल पर…

Share


सरकारी कार्यालय में काम प्रभावित,तहसीलों में अटके काम,लोग लगा रहे चक्कर

रायपुर,17 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब राजस्व विभाग के दूसरे कामों पर भी दिखने लगा है। पटवारियों के समर्थन और अपनी मांगों को लेकर राजस्व निरीक्षक (राजस्व निरीक्षक) भी मंगलवार को एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहे। रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में राजस्व निरीक्षकों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं। वहीं तहसील कार्यालयों में काम कराने पहुंच रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील पहुंच रहे लोग, नहीं हो रहे काम : रायपुर तहसील कार्यालय पहुंचे जितेंद्र शर्मा ने बताया कि,पटवारी और राजस्व निरीक्षक की हड़ताल से आम लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। तहसील पहुंचने पर कभी हड़ताल तो कभी बाबू नहीं होने और फाइल नहीं मिलने की बात कही जाती है। राजस्व मामलों में तारीख पर तारीख मिल रही है। लोग अपना समय निकालकर कार्यालय पहुंचते हैं,लेकिन काम नहीं हो पाता।
रायगढ़ में पटवारियों के समर्थन में राजस्व निरीक्षक का प्रदर्शन : रायगढ़ में राजस्व निरीक्षकों ने पटवारियों की हड़ताल के समर्थन में एक दिन का सामूहिक अवकाश लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और विरोध जताया। प्रदेशभर में राजस्व निरीक्षक जिला मुख्यालयों में जुटे, मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की।
पटवारियों के काम का अतिरिक्त बोझ मिलने से नाराज : राजस्व निरीक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत कुमार दुबे ने बताया कि पटवारियों की हड़ताल के कारण उनके हिस्से के कई काम राजस्व निरीक्षक को सौंपे जा रहे हैं। इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे का अप्रूवल,पीवी ऐप से फसल सर्वे, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन के दावों का अप्रूवल और आय,जाति व निवास प्रमाण पत्रों का सत्यापन शामिल है। इसके अलावा पटवारियों के हल्कों का प्रभार देने और राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों में स्थल जांच व रिपोर्ट तैयार करने के आदेश भी दिए जा रहे हैं। संघ का कहना है कि बिना अतिरिक्त संसाधन और व्यवस्था दिए काम का दबाव बढ़ाया जा रहा है।
एक राजस्व निरीक्षक सर्किल में 3 से 100 गांवों की जिम्मेदारी : संघ के मुताबिक, एक राजस्व निरीक्षक सर्किल में 3 से लेकर 100 तक गांव आते हैं। प्रदेश में करीब 450 राजस्व निरीक्षक सर्किल ऐसे हैं,जहां पद खाली होने के कारण दूसरे राजस्व निरीक्षकों को अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है। ऐसे में पहले से मौजूद जिम्मेदारियों के साथ पटवारियों का काम करना मुश्किल हो रहा है।
संसाधन भत्ता,पदोन्नति और खाली पद भरने की मांग…
राजस्व निरीक्षक संघ का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर पहले भी शासन को कई बार ज्ञापन दिया गया है,लेकिन अब तक ठोस फैसला नहीं हुआ। संघ की प्रमुख मांगों में संसाधन भत्ता, फसल कटाई प्रयोग का मानदेय और जरूरी सामग्री,चैनमैन की व्यवस्था, वेतन विसंगति दूर करना,पदोन्नति और खाली पदों पर भर्ती शामिल हैं। इसके अलावा अतिरिक्त सर्किल का प्रभार संभालने के लिए मानदेय और विभागीय पदोन्नति में आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग भी की गई है।
किसानों के काम समय पर निपटाने की मांग
संघ ने कहा कि डिजिटल सर्वे और एग्रीस्टैक से जुड़ी तकनीकी दिक्कतें दूर की जाएं। कर्मचारियों को जिम्मेदारी के हिसाब से संसाधन दिए जाएं, ताकि किसानों और आम लोगों के राजस्व संबंधी काम समय पर पूरे हो सकें। एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर शासन का ध्यान इन समस्याओं की ओर खींचने की कोशिश की गई है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ राजेश देवांगन ने संभाला एएसपी का पदभार,9 थानों की मिली जिम्मेदारी

Share डीआईजी एवं एसएसपी ने सौंपी प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की कमान-संवाददाता-अम्बिकापुर,17 नवम्बर 202६ (घटती-घटना)। …

Leave a Reply