बिलासपुर में मनचाही पोस्टिंग के नाम पर की थी अवैध वसूली,भ्रष्टाचार का चलेगा केस
बिलासपुर,17 नवम्बर 2026। हाईकोर्ट के जस्टिस एनके व्यास ने बिलासपुर में शिक्षक भर्ती के बाद मनचाही जगह पर पोस्टिंग दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपी शिक्षक की याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने कहा कि,जांच में मिले सबूतों के आधार पर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रथम दृष्टया मामला बनता है। सह आरोपी के बयान और खुद शिक्षक की ओर से एक लाख रुपए मिलने की बात स्वीकार किए जाने को हाईकोर्ट ने आरोप तय करने के लिए पर्याप्त आधार माना है। आरोपी शिक्षक योगेश पांडेय ने विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम),बिलासपुर की ओर से 15 जुलाई 2022 को उनके खिलाफ आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी थी। इस मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा है। दरअसल,सक्ती जिले के जैजैपुर स्थित ग्राम सोंठी के शिक्षक भूपेंद्र साहू ने 4 फरवरी 2022 को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि उनकी पत्नी ललिता साहू का चयन 2019 में शिक्षक भर्ती परीक्षा में शिक्षक के पद पर हुआ था। इसी दौरान बीईओ कार्यालय में पदस्थ नंदकुमार साहू ने मनचाही जगह पर पोस्टिंग दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता के अनुसार,इसके लिए 52 हजार कैश और 33 हजार रुपए इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से दिए गए थे। जांच के दौरान नंदकुमार साहू का बयान दर्ज किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur