Breaking News

नई दिल्ली@दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद हटाईं गईं ग्रैप-3 की पाबंदियां

Share


नई दिल्ली,17 नवम्बर 2026। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी हैं। मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। हालांकि, क्षेत्र में ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के तहत लागू सभी प्रतिबंध जारी रहेंगे। आयोग के अनुसार केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के दैनिक एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 204 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता में सुधार के रुझान को देखते हुए आयोग की ग्रैप उपसमिति ने मौजूदा हालात और मौसम संबंधी पूर्वानुमानों की समीक्षा की। उपसमिति ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के पूर्वानुमानों का भी जायजा लिया। अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में बने रहने की संभावना है। इसके बाद 6 नवंबर को लागू किए गए ग्रैप के तीसरे चरण को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया गया। हालांकि,आयोग के 30 अक्टूबर के आदेश के तहत 5 से 20 नवंबर तक लागू कुछ विशेष प्रतिबंध जारी रहेंगे। इसके तहत पूरे एनसीआर में छूट प्राप्त परियोजनाओं को छोड़कर धूल पैदा करने वाली तोड़फोड़ और बाहरी निर्माण गतिविधियों पर रोक जारी रहेगी। दिल्ली और आसपास के जिलों में राज्य सरकार तथा निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति से कामकाज का निर्देश भी प्रभावी रहेगा। आयोग ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के सभी उपायों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।


Share

Check Also

नई दिल्ली@केंद्र ने डीजल और विमान ईंधन के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स बढ़ाया,नई दरें लागू

Share नई दिल्ली,17 नवम्बर 2026। केंद्र सरकार ने डीजल और एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) के …

Leave a Reply