आधीबार गांव के आसपास सड़क किनारे लगे हरे-भरे पेड़ों पर चल रही कुल्हाड़ी,विभागीय जमीन पर कटाई को लेकर उठे सवाल
-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां (एमसीबी),17 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। खड़गवां क्षेत्र के आधीबार गांव के आसपास चिरमिरी-बिलासपुर-कोरबा सड़क किनारे लगे हरे-भरे पेड़ों की कथित तौर पर धड़ल्ले से कटाई किए जाने का मामला सामने आया है, लोक निर्माण विभाग की सड़क सीमा में लगे पेड़ों को दिनदहाड़े काटे जाने की शिकायतों ने विभागीय निगरानी और अधिकारियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं,ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से सड़क किनारे लगे पेड़ों को काटकर उनकी लकडि़यां ले जाई जा रही हैं, लेकिन इस गतिविधि को रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे लगे पेड़ों की कटाई का सिलसिला लगातार जारी है,पेड़ों को काटने वाले लोग दिन के उजाले में ही बेखौफ होकर इस काम को अंजाम दे रहे हैं, ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे लगे पेड़ सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में यदि इन्हें बिना अनुमति काटा जा रहा है तो यह गंभीर मामला है,सवाल यह भी है कि विभाग की जमीन पर लगे पेड़ों की कटाई किसके आदेश से हो रही है और काटी गई लकड़ी आखिर कहां ले जाई जा रही है?
अधिकारी मुख्यालय से नदारद, निगरानी व्यवस्था पर सवाल– ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग खड़गवां के जिम्मेदार अधिकारी अक्सर मुख्यालय में उपलब्ध नहीं रहते,अधिकारियों की कथित अनुपस्थिति के कारण क्षेत्र में विभागीय कार्यों और संपत्तियों की निगरानी प्रभावित हो रही है,इसी स्थिति का फायदा उठाकर सड़क किनारे लगे पेड़ों की कटाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है,हालांकि पेड़ों की कटाई किस व्यक्ति या समूह द्वारा की जा रही है और इसके पीछे किसकी भूमिका है,यह जांच का विषय है,सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सड़क सीमा में लगे पेड़ों को काटने की अनुमति दी गई है तो उसका आदेश कहां है? अनुमति नहीं दी गई है तो अब तक कटाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई? विभाग के पास सड़क किनारे लगे पेड़ों का कोई अभिलेख,गणना या निगरानी व्यवस्था है अथवा नहीं,यह भी स्पष्ट होना चाहिए।
पर्यावरण को नुकसान,सड़क किनारे हरियाली पर संकट
सड़क किनारे लगे पेड़ केवल छाया देने का काम नहीं करते, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ये पेड़ धूल और प्रदूषण को कम करने, तापमान नियंत्रित रखने तथा स्थानीय जैव विविधता को सहारा देने में मददगार होते हैं,ऐसे में यदि बिना अनुमति हरे-भरे पेड़ों की कटाई होती है तो इसका सीधा असर पर्यावरण पर पड़ सकता है,ग्रामीणों और पर्यावरण के प्रति जागरूक लोगों ने चिंता जताई है कि इसी तरह पेड़ों की कटाई जारी रही तो आने वाले समय में सड़क किनारे हरियाली समाप्त होती जाएगी।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग…
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि आधीबार गांव के आसपास चिरमिरी-बिलासपुर-कोरबा सड़क किनारे हुई पेड़ों की कटाई की तत्काल जांच कराई जाए। मौके का निरीक्षण कर यह पता लगाया जाए कि कितने पेड़ काटे गए,पेड़ किसकी अनुमति से काटे गए और लकड़ी कहां ले जाई गई,यदि कटाई अवैध पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए,इसके साथ ही ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों की मुख्यालय में उपस्थिति और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है,अब देखना होगा कि सड़क किनारे पेड़ों की कटाई के इस मामले में विभाग और जिला प्रशासन कब संज्ञान लेते हैं और हरियाली को नुकसान पहुंचाने वालों पर क्या कार्रवाई होती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur