Breaking News

बलरामपुर@ जनजातीय गौरव दिवस : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया समाज प्रमुखों का सम्मान,पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिले आयुष्मान कार्ड

Share


-संवाददाता-
बलरामपुर,16 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को बलरामपुर के हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति,कला,आस्था और पारंपरिक जीवन शैली की एक अनूठी और जीवंत तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री व जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहीं।
आकर्षण का केंद्र बनी ‘देवगुड़ी’ और पारंपरिक व्यंजन : समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागीय स्टॉलों के निरीक्षण से हुई। आदिम जाति विकास विभाग द्वारा तैयार‘देवगुड़ी’ (पारंपरिक जनजातीय देवस्थल) ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके अलावा, प्रदर्शनी में हंसली,नागमोरी,रुपया माला जैसे पारंपरिक आभूषणों के साथ-साथ मांदर और ढोल जैसे वाद्य यंत्रों को सजाया गया था। मिट्टी की दीवारों और भित्ति चित्रों से सजे पारंपरिक जनजातीय आवास ने आदिवासी रहन-सहन को सजीव कर
दिया। ट्राइबल फूड स्टॉल पर स्वाद और संस्कृति का बेहतरीन मेल दिखा। यहाँ चीला,ठेकवा,महुआ लाटा,महुआ लड्डू और फुटकल व मछली की सुकटी समेत 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए गए।
अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा का प्रतीक हैं बिरसा मुंडा : अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करते हुए कहा कि कम उम्र में ही उन्होंने अन्याय के खिलाफ जो बिगुल फूंका, वह आज भी हमें स्वाभिमान की रक्षा की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में‘पीएम जनमन’और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ जैसी योजनाओं के माध्यम से आदिवासी बहुल इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनी निकुंज ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनजातीय परंपराओं को सहेजने और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
युवा अपने सपनों को सीमित न रखेंःबलरामपुर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले की वन संपदा और लोक संस्कृति की सराहना की। उन्होंने आदिवासी युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को कभी सीमित न रखें। उन्होंने कहा कि जिले के युवा भी डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनकर देश में अपना नाम रोशन कर सकते हैं।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का हुआ सम्मान : समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा जनजातीय समाज के प्रमुखों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, विशेष पिछड़ी जनजाति (पहाड़ी कोरवा) के 5 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में अब तक 19,179 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो तय लक्ष्य का 97.14 प्रतिशत है। कार्यक्रम में करचा और धनजी के नर्तक दलों तथा स्कूली छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर,डीएफओ श्री आलोक बाजपेयी,सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री समीक्षा जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि,अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@मंदिर जाने निकली किशोरी जहर सेवन करके जान दी

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र की एक किशोरी जहरीले …

Leave a Reply