Breaking News

अम्बिकापुर@गर्भवती महिलाओं को नहीं मिल रहा पौष्टिक भोजन और यात्रा भत्ता…

Share


विस्तारित पीएमएसएमए योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही का आरोप, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने सीएमएचओ से की जांच और कार्रवाई की मांग

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा के अंतर्गत आने वाले स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की ब्लॉक शाखा अम्बिकापुर ने जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम और विस्तारित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान ( एक्सटेनडेड पीएमएसएमए ) के क्रियान्वयन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से शिकायत की है। संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र महिलाओं को लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की है। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत कुमार मरावी ने शिकायत में बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क प्रसवपूर्व जांच,उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान,परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराने का प्रावधान है। वहीं, विस्तारित योजना के तहत जांच के लिए आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला के पौष्टिक भोजन पर 150 रुपए खर्च किए जाने हैं। इसके अलावा उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) वाली महिलाओं को जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र आने-जाने पर प्रति विजिट 100 रुपए के हिसाब से अधिकतम तीन बार कुल 300 रुपए यात्रा भत्ता डीबीटी के माध्यम से दिया जाना है। आरोप है कि पात्र महिलाओं को न तो निर्धारित पौष्टिक भोजन की सुविधा मिल रही है और न ही यात्रा भत्ते का भुगतान किया जा रहा है। संघ ने इसे शासन की मंशा के विपरीत बताते हुए योजना के आवंटन, खर्च, हितग्राहियों की सूची और भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही, वित्तीय अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लंबित भुगतान तत्काल कराने की मांग की है। इस संबंध में कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक को भी प्रतिलिपि भेजी गई है।


Share

Check Also

बैकुण्ठपुर@ वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के जरिए कांग्रेस ने भरी हुंकार,भांडी और बंजारी ढांड में हुई जन चौपाल

Share अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर्यवेक्षक देबासिस पटनायक,नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना …

Leave a Reply