Breaking News

देहरादून/टिहरी/रुद्रप्रयाग@उत्तराखंड में 5 सड़क दुर्घटनाओंमें 17 लोगों की मौत,38 घायल

Share

देहरादून/टिहरी/रुद्रप्रयाग,17 नवम्बर 2026। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह तक हुए पांच अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए। सबसे भीषण हादसा टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस करीब 120 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बस चालक समेत नौ लोगों की जान चली गई और 25 यात्री घायल हो गए। इसके आलावा रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ में एक बोलेरो वाहन के खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि टिहरी जिले में तीन अन्य सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा राहत दलों ने विभिन्न स्थानों पर बचाव अभियान चलाया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर गूलर बस हादसे में घायल यात्रियों का हालचाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। गूलर पुल के पास बस हादसा पुलिस के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार तड़के करीब 3ः15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक समेत 34 लोग सवार थे। सुबह करीब 4ः50 बजे गूलर पुल के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 120 फीट नीचे गूलर गाड़ में जा गिरी। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। शिवपुरी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। सभी घायलों को करीब एक घंटे के भीतर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने यात्रियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए गूलर पुलिस चौकी में रखवाया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। गूलर बस हादसे में 25 घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। गूलर बस दुर्घटना में मृतकों की पहचान विक्की (37), राज राय (56), बस चालक राजेंद्र सिंह (48), परिचालक अनुज भंडारी (27), पुन्नू (55), सुशील प्रताप सिलोडी (55), दीपक गुप्ता (55), विकास गुप्ता और रोहित कश्यप (35) के रूप में हुई है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद हटाईं गईं ग्रैप-3 की पाबंदियां

Share नई दिल्ली,17 नवम्बर 2026। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए वायु …

Leave a Reply