Breaking News

कांजीरंगा@असम में बस-ट्रक भिड़ंत…26 की मौत,ज्यादातर स्टूडेंट

Share


गाड़ी काटकर शव निकाले,बस के 12 चालान कट चुके थे…


कांजीरंगा,13 नवम्बर 2026। असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। असम के मंत्री और बोकाखाट से विधायक अतुल बोरा ने इसकी जानकारी दी है। टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। रेस्क्यू टीम ने बस काटकर शवों को बाहर निकाला। बस में कुल कितने लोग सवार थे,इसकी जानकारी अभी नहीं आई है। लोकल मीडिया के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई गाड़ी के 12 चालान कट चुके थे। इनमें से 38,500 रुपए का जुर्माना भरा जा चुका था, जबकि 4,000 रुपए का एक चालान अब भी बकाया था। कमर्शियल गाड़ी की ओवरस्पीडिंग पर यह जुर्माना लगता है।
पुलिस बोली…बस तेज रफ्तार में थी
ड्राइवर ने नियम का पालन नहीं किया…

गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया,जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री ने हादसे पर शोक जताया है।
असम में 5 साल में सड़क हादसों में 15 हजार से ज्यादा मौतें
केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2020 से 2024 के बीच राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में 15,306 लोगों की मौत हुई। इनमें 2024 में सबसे ज्यादा 3,351 लोगों की जान गई। वहीं,2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि,इसके बाद की जानकारी नहीं आई है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने जताया शोक


हादसे में हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हादसे में हुई भारी जनहानि से पूरा राज्य स्तब्ध है। दुःख की इस घड़ी में सरकार पीडि़त परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों को बिना देरी के बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।


Share

Check Also

इंफाल@मणिपुर में उग्रवादियों की फायरिंग में 4 की मौत

Share मरने वालों में दो महिलाएं…उखरुल जिले में वाहनों पर गोलीबारी,इलाके में तनाव इंफाल,13 नवम्बर …

Leave a Reply