जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा…स्वच्छता,सेवा और सामाजिक एकता का संदेश देता है लोक आस्था का महापर्व,नगरवासियों से आयोजन में सहयोग की अपील
-रवि सिंह-
बैकुंठपुर/कोरिया,13 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गढेलपारा सहित बैकुंठपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बनने लगा है,पर्व को लेकर गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर जय छठी मैया सेवा समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं,घाट की साफ-सफाई,रंग-रोगन,साज-सज्जा,प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है,समिति के सदस्य आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए लगातार जुटे हुए हैं। जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति,लोक आस्था और प्रकृति की उपासना का अद्भुत पर्व है,यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि,संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के लिए पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ मनाया जाता है,छठव्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हैं।
अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य की उपासना है पर्व की विशेषता-अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा कि छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ अगले दिन उदीयमान सूर्य की उपासना की जाती है,बांस के सूप और दउरा में फल,ठेकुआ,नारियल,गन्ना सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर व्रती जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं, यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान,स्वच्छता, संयम, समर्पण और परिवार के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है, छठ महापर्व से जुड़ी प्राचीन धार्मिक कथाएं और मान्यताएं हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
13 से 16 नवंबर तक चलेंगे चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान-इस वर्ष छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा, चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व का शुभारंभ 13 नवंबर,शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगा। 14 नवंबर,शनिवार को खरना के दिन व्रती गुड़ की खीर एवं रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना करेंगे। 15 नवंबर,रविवार को संध्या के समय अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा,वहीं 16 नवंबर,सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन और पारण किया जाएगा।
सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है छठ महापर्व-अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है,बल्कि यह समाज को एक सूत्र में बांधने वाला पर्व भी है,इस अवसर पर सभी वर्गों के लोग आपसी भेदभाव भुलाकर एक साथ घाट पर पहुंचते हैं और परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं,पर्व की यही विशेषता सामाजिक समरसता,सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करती है, उन्होंने नगरवासियों,युवाओं,महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे छठ घाट की साफ-सफाई तथा आयोजन की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग करें,उन्होंने बताया कि छठव्रतियों की सुविधा,घाट की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं,नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के सहयोग से भी स्वच्छता एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सामूहिक सहयोग से सफल होगा आयोजन-अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा कि छठ महापर्व जैसे आयोजन तभी सफल और व्यवस्थित बनते हैं,जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करता है,उन्होंने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर सपरिवार पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागी बनने की अपील की,उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग, सहभागिता और सेवा भावना से इस वर्ष का आयोजन सामाजिक एकता,स्वच्छता और भाईचारे का सुंदर उदाहरण बनेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur