रायपुर,13 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के मेस भत्ते में बढ़ोतरी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पिछले तीन साल से बच्चों के भोजन और नाश्ते के लिए तय राशि में कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि इस दौरान खाद्य सामग्री की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। ऐसे में मौजूदा राशि में बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है। सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की कामकाज से जुड़ी परेशानियों का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि अधीक्षकों को 24 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। उन्हें न तो पर्याप्त छुट्टी मिलती है और न ही छात्रावास परिसर में परिवार के साथ रहने की सुविधा है। उन्होंने मांग की है कि अधीक्षकों के परिवारों के रहने के लिए छात्रावास से अलग आवास बनाए जाएं। सिंहदेव ने पत्र में लिखा है कि छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के बच्चों के भोजन की राशि में तीन साल से बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस दौरान दाल, चावल, खाद्य तेल, सब्जियों, मसालों और ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर भोजन व्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि कम राशि के कारण बच्चों को सुबह का नाश्ता और दोनों समय पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराना व्यावहारिक रूप से मुश्किल होता जा रहा है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।सिंहदेव ने छात्रावासों के मेस बजट में एचएमएस पोर्टल के जरिए होने वाली कटौती पर भी सवाल उठाए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur