अरपा में महाआरती के बाद आतिशबाजी-फायर शो हुए,1 किलोमीटर लंबे घाट पर जुटे श्रद्धालु
बिलासपुर,13 नवम्बर 2026। बिलासपुर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अरपा तट पर छठ महापर्व की भव्य शुरुआत हुई। 5100 दीपों की रोशनी से पूरा छठ घाट जगमगा उठा। एक किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट पर अरपा की महाआरती की गई। नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का आगाज हुआ। बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए। दीपदान के बाद आतिशबाजी और फायर शो भी हुआ। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए 525 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा और महापौर पूजा विधानी भी आयोजन में शामिल हुए।
200 मीटर बढ़ाया छठघाट, ट्रैफिक प्लान जारी
पिछले साल छठघाट की लंबाई 800 मीटर थी। इस बार इसे 200 मीटर बढ़ाकर 1000 मीटर कर दिया गया है। इसके अलावा 8 पार्किंग जोन, 6 प्रवेश द्वार और 15 कंट्रोल पॉइंट बनाए गए हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने ट्रैफिक प्लान भी जारी किया है। 15 नवंबर दोपहर से 16 नवंबर दोपहर तक शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
कई रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद
सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन रहेगा। कई मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि छोटे वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur