नई दिल्ली,02 सितंबर 2026। कांग्रेस ने सरकार के 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग के आकलन के अनुसार वास्तविक जीडीपी वृद्धि करीब 2.6 प्रतिशत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंकड़ों की बाजीगरी के जरिए अर्थव्यवस्था की तस्वीर चमकाने की कोशिश कर रही है, जबकि यह जमीनी हकीकत से अलग है। कांग्रेस महासचिव (संचार) एवं राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि मोदी सरकार अपनी टीम और मीडिया के जरिए जितना फर्जी जीडीपी बढ़ोतरी का ढोल पीटेगी, उतना ही उसकी असलियत सामने आएगी। पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग ने इस दावे पर गंभीर सवाल उठाए हैं और उनका आकलन है कि वास्तविक जीडीपी वृद्धि 7.8 प्रतिशत के बजाय करीब 2.6 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि देश की अर्थव्यवस्था वास्तव में मजबूत हो, लेकिन मजबूत अर्थव्यवस्था का रास्ता आंकड़ों को सजाने से नहीं,बल्कि वास्तविक स्थिति को स्वीकार करने से निकलता है। सरकार को पहले अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति स्वीकार करनी चाहिए और उसके बाद सुधारों की दिशा में कदम उठाने चाहिए। जयराम ने कहा कि सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और निजी निवेश को बढ़ावा देने तथा मांग और आमदनी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur