Breaking News

अम्बिकापुर@तीन दुकानों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार,टैब और नकदी बरामद

Share


अंबिकापुर में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई,आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये का मशरूका जब्त

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शहर में अलग-अलग दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 23 वर्षीय विकास तिग्गा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टैब और 5 हजार रुपये नकद सहित करीब 20 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने नमनाकला स्थित मेडिकल स्टोर, भाथूपारा की किराना दुकान और खटिकपारा स्थित श्रृंगार स्टोर में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार,आरोपी के विरुद्ध पूर्व में सूरजपुर जिले में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसने मणिपुर और गांधीनगर थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिवशंकर साहनी ने 24 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नमनाकला खटिकपारा स्थित उनकी साहनी श्रृंगार स्टोर दुकान से नकदी चोरी कर ली गई है। मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 753/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान संदेह के आधार पर विकास तिग्गा (23 वर्ष),पिता देवधन तिग्गा,निवासी गुमगुरा खुर्द,थाना लखनपुर को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने तीनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 24 जुलाई 2026 की रात नमनाकला स्थित नंदन मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर रियलमी कंपनी का टैब और 3 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। वहीं, 16 अक्टूबर की रात भाथूपारा स्थित महामाया किराना दुकान का शटर तोड़कर किराना सामान चोरी किया था।
आरोपी ने बताया कि किराना सामान वह खाकर खत्म कर चुका है। इसके अलावा 23 अक्टूबर की रात साहनी श्रृंगार स्टोर का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये नकद और टैब बरामद किया है। पुलिस के अनुसार,आरोपी के विरुद्ध सूरजपुर जिले में पूर्व से चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उसने गांधीनगर और मणिपुर थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह,उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह,आरक्षक विवेक राय और नितिन सिन्हा की भूमिका रही।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ छात्रहित की समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

Share रामानुज प्रताप सिंह देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दे …

Leave a Reply