Breaking News

अयोध्या@राम मंदिर के पहले सीईओ बने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा

Share


चंपत राय की जगह गोविंद देव गिरि महासचिव बने ट्रस्ट में 3 नए सदस्य शामिल
अयोध्या,02 सितंबर 2026। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को लेकर निर्णय हो गया है। एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ट्रस्ट के सीईओ चुने गए हैं। बुधवार को अयोध्या की मणि रामदास छावनी में महंत नृत्यगोपालदास की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ ही आमंत्रित सदस्य भी मौजूद रहे। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को नया महासचिव बनाया गया है। बैठक में ट्रस्टी बनाए गए महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष का चार्ज दिया गया। वहीं,ट्रस्ट की बैठक में तीन नए सदस्यों की भी घोषणा की गई है। नए शामिल होने वाले सदस्यों में मदन मोहन पांडेय अयोध्या के,महेश भागचंदका दिल्ली के और निर्मला यादव अयोध्या से हैं। ट्रस्ट ने एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को मंदिर का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया है। भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके मिश्रा अब राम मंदिर की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को नई दिशा देंगे। एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा मूल रूप से देवरिया जिले के भाटपाररानी क्षेत्र के भोपतपुरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया था। अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने 18 से अधिक प्रकार के विमानों पर उड़ान भरी और 3,000 घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव हासिल किया। कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर भी रहे हैं। इसके अलावा एकीकृत रक्षा स्टाफ में उप प्रमुख (सिद्धांत,संगठन एवं प्रशिक्षण) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। देश के साथ अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मिश्रा के पास बड़े संगठन के संचालन और नेतृत्व का व्यापक अनुभव है। राम मंदिर के सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मंदिर अब निर्माण के चरण से आगे बढ़कर व्यवस्थित संचालन और वैश्विक धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था,कर्मचारी प्रबंधन, सुविधाओं का विस्तार और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय जैसी जिम्मेदारियां सीईओ के सामने होंगी।
ट्रस्टी मदन मोहन पांडेय बोले…चंपत राय
के खिलाफ कोई कोई आरोप नहीं

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए सदस्य मदन मोहन पांडेय ने कहा…सरकार ने भी बहुत अच्छा काम किया है। उसने पर्याप्त जमीन उपलब्ध कराई। यह हमारा सौभाग्य है कि हमने सुप्रीम कोर्ट का मुकदमा जीता और मंदिर का निर्माण हुआ। इससे पहले वहां क्या था? कुछ भी नहीं। उन्होंने कहा- यात्रियों के लिए सुविधाएं और मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित होनी चाहिए। जब तक कोई समस्या नहीं है, फिर और क्या चाहिए? पर्याप्त सुविधाएं हैं और आगे भी उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। चंपत राय या किसी अन्य के खिलाफ कोई आरोप नहीं है।
वीएचपी अध्यक्ष बोले…जीतेंद्र मिश्रा के अनुभव से ट्रस्ट को फायदा होगा
वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासियों ने कई अच्छी खबरें दी हैं। यह पूरे हिंदू समाज के लिए खुशी का विषय है। गोविंददेव गिरि महाराज अब ट्रस्ट के महासचिव हैं। प्रशासनिक अनुभव की जरूरत को देखते हुए सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किया गया है।


Share

Check Also

चेन्नई@तमिलनाडु के 52 मंदिरों में स्मार्टफोन बैनः परिसर में सेल्फी और रील पर पाबंदी,वीआईपी पर भी लागू होंगे नियम

Share चेन्नई,02 सितंबर 2026। तमिलनाडु सरकार ने राज्य के 52 प्रमुख मंदिरों में स्मार्टफोन ले …

Leave a Reply