Breaking News

नई दिल्ली@पैकेट वाले खाने पर दिखेगा लाल निशान…

Share


ज्यादा चीनी-नमक और फैट पर मिलेगी चेतावनी

नई दिल्ली,29 अगस्त 2026। पैक्ड फूड खाने वालों के लिए आने वाले दिनों में पैकेट की फ्रंट साइड पर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने ज्यादा चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक वाले पैक्ड फूड प्रोडक्ट्स पर लाल रंग का षट्कोणीय चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव रखा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने यह प्रस्ताव सुप्रीम कोर्ट के समक्ष दाखिल किए गए हलफनामे में रखा है। यह मामला एक जनहित याचिका से जुड़ा है,जिसमें हाई शुगर, हाई फैट और हाई सॉल्ट वाले पैक्ड फूड पर पैकेट के सामने अनिवार्य चेतावनी लेबल लगाने की मांग की गई थी।
पैकेट के सामने दिखेगा
लाल चेतावनी लेबल

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण के छह पन्नों के हलफनामे के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में उन पैक्ड फूड प्रोडक्ट्स पर लाल रंग का छह-कोने वाला चेतावनी चिन्ह लगाया जाएगा, जिनमें तय सीमा से ज्यादा मात्रा में एडेड सैचुरेटेड फैट, एडेड शुगर और नमक में से दो या उससे अधिक पोषक तत्व मौजूद होंगे। इन पोषक तत्वों की सीमा आईसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान की ओर से जारी ‘भारतीयों के लिए आहार संबंधी दिशानिर्देश, 2024’ के आधार पर तय की जाएगी।
ग्राहकों को सीधे मिलेगी पोषण संबंधी चेतावनी : प्रस्तावित लेबल में उत्पाद के हिसाब से ‘ज्यादा फैट’,‘ज्यादा चीनी’, ‘ज्यादा नमक’ और ‘बहुत ज्यादा मीठा पेय’ जैसी चेतावनियां दिखाई जा सकती हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने चेतावनी के फॉन्ट को भी प्रमुख रखने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी का फॉन्ट पैकेट के पीछे मौजूद न्यूट्रिशन इंफॉर्मेशन टेबल में इस्तेमाल किए गए फॉन्ट से एक पॉइंट बड़ा होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहक पैकेट खरीदते समय चेतावनी को आसानी से पढ़ सकें।
दो चरणों में लागू होगा फ्रंट-ऑफ-पैक वॉर्निंग सिस्टम
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने फ्रंट-ऑफ-पैक वॉर्निंग सिस्टम को दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव रखा है। पहले चरण में उन उत्पादों को शामिल किया जाएगा,जिनमें तय सीमा से ज्यादा मात्रा में दो या उससे अधिक संबंधित पोषक तत्व मौजूद हैं। कुछ विशेष मीठे पेय पदार्थों को भी इस चरण में शामिल करने का प्रस्ताव है। दूसरे चरण में नियम का दायरा बढ़ाकर उन उत्पादों तक किया जाएगा, जिनमें तय पोषक तत्वों में से कोई एक भी निर्धारित सीमा से ज्यादा होगा। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण के मुताबिक, चरणबद्ध तरीके से नियम लागू करने से खाद्य उद्योग को अपने उत्पादों के फॉर्मूले में आवश्यक बदलाव करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। साथ ही उपभोक्ताओं के जानकारी के अधिकार को भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण का कहना है कि प्रस्तावित फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को ज्यादा समझदारी से खाद्य पदार्थ चुनने में मदद करना है। खासतौर पर बच्चों और आबादी के कमजोर वर्गों को अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के संभावित नुकसान से बचाने पर जोर दिया गया है। फ्रंट पर स्पष्ट चेतावनी होने से ग्राहक उत्पाद खरीदने से पहले उसमें मौजूद चीनी, नमक और फैट की अधिक मात्रा को आसानी से समझ सकेंगे।
घी, तेल, नमक और शहद जैसे उत्पादों पर लागू नहीं होगा नियम
प्रस्तावित स्नशक्क चेतावनी नियम हर खाद्य उत्पाद पर लागू नहीं होगा। ऐसे खाद्य पदार्थ जिनमें सिर्फ एक सामग्री होती है या जो प्राकृतिक रूप से फैट, चीनी या नमक से भरपूर होते हैं, उन्हें प्रस्तावित व्यवस्था से बाहर रखने की बात कही गई है। हलफनामे में घी, खाने का तेल, नमक, चीनी, गुड़ और शहद जैसे उत्पादों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। हालांकि, इन उत्पादों पर खाद्य सुरक्षा और लेबलिंग से जुड़े अन्य मौजूदा नियम लागू रहेंगे।
सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण का प्रस्ताव
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने यह हलफनामा सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद दाखिल किया है। पैकेज्ड फूड में चीनी, नमक और फैट की मात्रा की स्पष्ट जानकारी को लेकर कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण से जवाब मांगा था। जस्टिस जेबी पारदीवाला की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए सवाल किया था कि क्या बच्चों और नागरिकों को अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से होने वाले संभावित नुकसान से बचाना जरूरी नहीं है। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण को दो सप्ताह के भीतर ठोस कदम उठाने को कहा था और यह भी संकेत दिया था कि यदि जरूरी कार्रवाई नहीं की गई तो न्यायालय खुद आदेश जारी कर सकता है। अब भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित लाल षट्कोणीय चेतावनी व्यवस्था लागू होने पर पैक्ड फूड के फ्रंट लेबल पर उपभोक्ताओं को उत्पाद में मौजूद ज्यादा चीनी, नमक और फैट के बारे में पहले से ज्यादा स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।


Share

Check Also

नई दिल्ली@हल्द्वानी में उनकी सभा के बाद मंच का शुद्धीकरण हुआ,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोषियों पर एक्शन लें

Share नई दिल्ली,29 अगस्त 2026। राहुल गांधी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। …

Leave a Reply