नई दिल्ली,24 अगस्त 2026 । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ जोनल ऑफिस ने सोमवार सुबह मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और हरियाणा के फरीदाबाद में नौ ठिकानों पर छापेमारी में न्यू राणा हाउस (मुजफ्फरनगर) और सुधा स्टील (गाजियाबाद) से 1.1 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किया। साथ ही एजेंसी ने इस छापेमारी में कई डिजिटल उपकरण,दस्तावेज और रजिस्टर भी जब्त किए। ईडी ने बताया कि यह कार्रवाई जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) मामले में की गई। जांच में सामने आया है कि कंपनी ने फर्जी चालान और ई-वे बिल के जरिए बिना माल की वास्तविक आवाजाही के आईटीसी का निर्माण और पासिंग किया। इसमें व्यापक सर्कुलर लेनदेन, तेजी से फंड्स की लेयरिंग और नकद निकासी शामिल रही। जीएसटी अधिकारियों ने 9.63 करोड़ रुपये का फर्जी आईटीसी लेने और 10.28 करोड़ रुपये का आईटीसी पास करने की पुष्टि की है, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ। ईडी की तलाशी का उद्देश्य अपराध से प्राप्त धन का पता लगाना, अन्य लाभार्थियों की पहचान करना और नेटवर्क से जुड़े सबूत जुटाना था। बरामद नकदी और जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। ईडी ने कहा कि आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur