अभिजीत दीपके बोले…मारपीट करने वाले गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया,तो मैं जयपुर आऊंगा
जयपुर,21 अगस्त 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉकरोच जनता पार्टी) प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों पर जयपुर में हमला हुआ है। रांका शुक्रवार सुबह 10 बजे सीतापुरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी ग्रामीणों ने उन्हें पीटकर वहां से खदेड़ दिया। उनकी गाडि़यों पर भी पथराव किया गया। रांका के साथ मौजूद महिला समर्थकों पर गांव की महिलाओं ने मिट्टी फेंकी। रांका ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा…हमले में गाडि़यों के शीशे और मोबाइल तोड़े गए, एक महिला से मारपीट हुई और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। टीम के एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। रांका ने कहा…आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। ये शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। 48 घंटे का अल्टीमेटम दे रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी हो और स्कूल निरीक्षण रोकने का आदेश वापस लिया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो पूरे राजस्थान में आंदोलन करेंगे और दिलावर के इस्तीफे की मांग करेंगे।’ कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा- अगर अगले 48 घंटों में स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ और उन गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो मैं जयपुर आऊंगा और स्कूल के सामने बैठा रहूंगा, जब तक स्कूल को ठीक कराने का काम नहीं किया जाता है।
जर्जर बिल्डिंग के कारण स्कूल बंद,टीनशेड के नीचे पढ़ रहे बच्चे
रामपुरा गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हो गई है। स्कूल को बच्चों के लिए बंद कर दिया गया है। छत पर लोहे के एंगल लगाए गए हैं। स्कूल को 50 मीटर दूर एक बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया है। बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चे जहां पढ़ रहे हैं,उसके पास पशुओं का चारा भरा है। दीवारों की ईंटें गिर गई हैं।
ग्रामीण बोला…250 लोग सरिए-आरी लेकर आए…
ग्रामीण जुगल किशोर शर्मा ने कहा…‘हमने कुछ नहीं किया। वे सरिए-आरी लेकर आए। कम से कम 200-250 लोग आए थे। हमने उन्हें कोई चोट नहीं पहुंचाई। उन्होंने खुद अपनी गाड़ी तोड़ ली। हम यहां भाजपा या कांग्रेस के अलावा किसी को घुसने नहीं देंगे।’
ग्रामीण बोले…किसी बाहरी को घुसने नहीं देंगे…
ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है, ‘हम इस स्कूल को अपने स्तर पर ठीक करवा लेंगे। सरकार ने 12.50 लाख रुपए स्वीकृत भी कर दिए हैं। हम किसी भी बाहरी व्यक्ति को यहां नहीं आने देंगे। कॉकरोच यहां आकर गंदगी करना चाहते हैं, जिसे हम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।’
अभिजीत दीपके बोले- मैं जयपुर आऊंगा, स्कूल के बाहर धरने पर बैठूंगा
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा- आशुतोष रांका और उनकी टीम को बीजेपी के गुंडों ने मारा और पीटा। ये गुंडागर्दी इसलिए हुई क्योंकि एक तबेले में बच्चों को पढ़ाया जा रहा था, जिसे आशुतोष एक्सपोज करने वाला था। मैं कहना चाहता हूं कि अगर अगले 48 घंटों में स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ और उन गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो मैं जयपुर आऊंगा और स्कूल के सामने बैठा रहूंगा, जब तक स्कूल को ठीक कराने का काम नहीं किया जाता है।
पायलट बोले- सरकार स्कूलों की स्थिति सामने लाने से रोक रही
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने कहा- सरकार ने छात्र सुरक्षा के नाम पर ऐसी गाइडलाइन जारी की है, जिसमें स्कूल परिसर में एंट्री पर रोक लगाने के साथ-साथ वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर भी रोक लगा दी गई है। इतना ही नहीं, गाइडलाइन का पालन नहीं करने पर गंभीर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। सरकार का आदेश स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि वह स्कूलों की वास्तविक स्थिति को सामने आने से रोकना चाहती है। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के बजाय मीडिया और अन्य लोगों को कवरेज से रोकना सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जनता समझदार है और सरकार की मंशा समझ चुकी है।
शिक्षा मंत्री बोले- जंतर-मंतर पर क्या गड़बड़ी की, सबने देखा है
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- जिस तरह से कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर गड़बड़ी की। अश्लील वातावरण बनाया। सभी ने देखा है। ऐसा ही वातावरण राजस्थान में बनाना चाहते हैं। उनके बच्चों की शिक्षा में व्यवधान कौन बर्दाश्त करेगा। इसलिए विरोध हुआ। कॉकरोच मुंह छिपाकर भाग गए। ये अपनी झेप मिटाने के लिए मदन दिलावर का इस्तेमाल कर रहे हैं।
दिलावर बोले- राजस्थान की तरक्की से इनको पीड़ा हो रही
मदन दिलावर बोले- बीजेपी राजस्थान के बच्चों को शिक्षित देखना चाहती है। संस्कार पूर्ण देखना चाहती है, लेकिन कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी को ये रास नहीं आ रहा कि सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग प्रगति क्यों कर रहा है। राजस्थान प्रगति क्यों कर रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ोतरी हो रही। राजस्थान में सबसे ज्यादा अंक लाने वाले स्टूडेंट सरकारी स्कूल से है। इसलिए इन्हें पीड़ा हो रही है। इसलिए रुकावट पैदा करने के लिए बगरू जैसी घटना करना चाहते हैं। लेकिन राजस्थान की जनता सब जानती है।
डोटासरा बोले- वे ग्रामीण नहीं, बीजेपी के कार्यकर्ता थे
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बोले- ‘वे भाजपा के कार्यकर्ता थे, ग्रामीण नहीं थे। भाजपा कार्यकर्ता जनहित से जुड़े हर काम का विरोध करेंगे। वे सिर्फ ऊपर से पर्ची से आने वाले आदेशों का पालन करेंगे। अगर किसी को स्कूल जाने से रोका जाता है या उस पर हमला किया जाता है, तो हम इसकी निंदा करते हैं। कांग्रेस इस सरकार से परेशान हर व्यक्ति के साथ खड़ी रहेगी।’
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur