दूसरा बच्चा गंभीर,आंगनबाड़ी के पास खेलते समय हुआ हादसा…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। लुण्ड्रा स्टेडियम के समीप निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के पीछे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से गुरुवार को 5 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य बच्चा भी गंभीर है। उसे लुण्ड्रा अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के सेमरपारा निवासी ऋतिक और जया, दोनों करीब 5 वर्ष के हैं। दोनों गुरुवार सुबह आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे थे। सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच दोनों बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित निर्माणाधीन छात्रावास परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे। बच्चों के डूबने की आवाज सुनकर आंगनबाड़ी केंद्र में भोजन तैयार कर रही सहायिका मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया और तत्काल लुण्ड्रा अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने जया को मृत घोषित कर दिया। वहीं ऋतिक की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
खुले गड्ढे ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल
हादसे के बाद निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक छात्रावास परिसर में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। निर्माण स्थल पर पानी से भरे खुले गड्ढे के आसपास सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग या अन्य इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी जांच जरूरी है। लोगों का कहना है कि यदि गड्ढे को सुरक्षित किया गया होता तो हादसा टाला जा सकता था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur