नई दिल्ली,19 अगस्त 2026। उत्तराखंड के देहरादून जिले में बुधवार को देहरादून-ऋषिकेश हाईवे (एनएच-07) पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मणिमाई मंदिर के पास हुए इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की।
देहरादून से रोहतक जा रहे थे सात लोग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारूति ईको कार में कुल सात लोग सवार थे। सभी लोग उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से हरियाणा के रोहतक की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कार जैसे ही मणिमाई मंदिर के नजदीक पहुंची, उसी दौरान वह सड़क किनारे खड़े एक महिंद्रा मैक्स वाहन से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव में मदद की। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और राहत-बचाव कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया
राहत-बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को तत्काल देहरादून के निजी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक,हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur