Breaking News

नई दिल्ली@पीएम आवास योजना-शहरी के तहत 1.25 करोड़ घर मंजूर,एक करोड़ पूरे

Share

नई दिल्ली,09 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत केंद्र सरकार ने अब तक 1.25 करोड़ से अधिक घरों को मंजूरी दी है, जिनमें एक करोड़ से अधिक घर बनकर लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं। सरकार ने शहरी गरीब परिवारों को किफायती और पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए योजना के दूसरे चरण पीएमएवाई-यू 2.0 के क्रियान्वयन में भी तेजी लाई है। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अनुसार, 06 अगस्त को यहां संकल्प भवन में सचिव सतेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पीएमएवाई-यू 2.0 की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की आठवीं बैठक हुई। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 2.09 लाख से अधिक आवासों को मंजूरी दी गई। ये आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात,जम्मू-कश्मीर,झारखंड,मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र,मणिपुर,ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मंजूर किए गए।  मंजूर किए गए 2.09 लाख आवासों में करीब 1.42 लाख लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) के तहत हैं। इसमें लाभार्थियों को अपनी जमीन पर पक्का मकान बनाने के लिए 2.5 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाती है। वहीं, 67,045 आवास किफायती आवास साझेदारी (एएचपी) के तहत हैं, जिनका निर्माण राज्यों के साथ सार्वजनिक या निजी एजेंसियों की साझेदारी में किया जाता है। नई मंजूरियों के बाद पीएमएवाई-यू 2.0 के तहत कुल स्वीकृत आवासों की संख्या 18.38 लाख से अधिक हो गई है। इनमें 14.40 लाख बीएलसी, 2.48 लाख एएचपी, 1.36 लाख ब्याज सब्सिडी योजना (आईएसएस) और 13,046 किफायती किराये के आवास (एआरएच) के तहत हैं। 

बैठक में योजना की प्रगति, स्वीकृत मकानों के निर्माण और पूर्णता, जियो-टैगिंग, धन के उपयोग, लाभार्थियों के सत्यापन और मकानों की स्थिति की समीक्षा की गई।


Share

Check Also

बुलंदशहर@50 हजार का इनामी बदमाश मोनू पुलिस एनकाउंटर में ढेर,नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या मामले में था वांटेड

Share बुलंदशहर,09 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ …

Leave a Reply