झारखंड में छात्रों का आंदोलन जारी रहेगा….सरकार ने 98′ मांगें मानी
रांची,09 अगस्त २०२६। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी है। सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच रविवार को तीसरे दौर की बातचीत हुई। राज्य अतिथि गृह में छह छात्र प्रतिनिधियों और सरकार के बीच करीब चार घंटे तक बातचीत चलती रही। इस बीच कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि दोनों पक्षों के बीच कई मांगों पर सहमति बन गई है। हालांकि, इन फैसलों की सरकार की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सरकार ने दावा किया है कि छात्रों की करीब 98′ मांगें मान ली गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, बातचीत के दौरान फिलहाल तीन परीक्षाओं को रद्द करने पर सहमति बनी है। इनमें जेपीएससी बैकलॉग 2023, जेपीएससी बैकलॉग 2025 और 14वीं प्रारंभिक परीक्षा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सरकार ने छात्रों को आश्वासन दिया है कि टीडीपीएल एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा अपराध अनुसंधान विभाग की जांच 90 दिनों के भीतर पूरी करने की बात कही गई है। आर्थिक मामलों की जांच प्रवर्तन निदेशालय द्वारा किए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि,इन सभी बिंदुओं पर सरकार की ओर से अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। छात्रों और सरकार के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ भी छात्र प्रतिनिधियों की मुलाकात हुई है, लेकिन छात्र अपनी प्रमुख मांगों से पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं। यदि बातचीत के जरिए समाधान नहीं निकलता है तो आंदोलनकारी छात्रों ने विधानसभा तक विशाल मार्च निकालने की घोषणा की है। अखिल भारतीय छात्र संघ ने भी 10 अगस्त के मार्च में शामिल होने की बात कही है। संगठन ने कहा है कि उसके कार्यकर्ता अपने संगठन का झंडा लेकर मार्च में शामिल नहीं होंगे। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 11 अगस्त को विधानसभा तक अलग मार्च निकालने की घोषणा की है। छात्र आंदोलन के बीच कथित तौर पर दो गुटों के उभरने की बात भी सामने आई है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच और डुमरी विधायक जयराम महतो, जिन्हें ‘टाइगर महतो’ के नाम से भी जाना जाता है, से जुड़े एक अन्य गुट के बीच मतभेद बढऩे की खबर है। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच असहमति इतनी बढ़ गई है कि वे बातचीत के लिए एक साथ बैठने से भी इनकार कर रहे हैं। हालांकि, आंदोलन के दोनों पक्षों की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। छात्रों के समर्थन में डुमरी के विधायक जयराम महतो भी पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय उपवास पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते उनका उपवास सरकार पर अतिरिक्त दबाव बनाने में मदद कर सकता है।
परीक्षा रद्द करने की मांग मानी,लेकिन सीबीआई जांच पर अड़ गए छात्र
छात्र नेताओं ने कहा कि जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि,प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में अब सीबीआई जांच भी शामिल है। छात्रों का कहना है कि केवल परीक्षा रद्द करने से मामला खत्म नहीं होगा। वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं और इसके लिए सीबीआई जांच की घोषणा की मांग कर रहे हैं।
आज विधानसभा मार्च का एलान
छात्र नेताओं ने साफ किया कि सीबीआई जांच की घोषणा होने तक वे किसी तरह का समझौता करने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा तक मार्च निकालने का एलान भी किया है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक,जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं,आंदोलन जारी रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur