पेट्रोल पंप उद्घाटन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, रामानुजनगर अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
-संवाददाता-
रामानुजनगर,26 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। रामानुजनगर के समीप ग्राम त्रिपुरेश्वरपुर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सडक हादसे में निजी स्कूल संचालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से तेज और लापरवाही से आ रहे कथित नशेड़ी बाइक सवार ने उनकी बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल स्कूल संचालक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम जमड़ी, भैयाथान निवासी सत्यप्रकाश दुबे (49) रविवार को रामानुजनगर में एक पेट्रोल पंप के उद्घाटन समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद वे अपने एक रिश्तेदार से मिलने ग्राम केशवपुर जा रहे थे। इसी दौरान रामानुजनगर से लगे ग्राम त्रिपुरेश्वरपुर में सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सत्यप्रकाश दुबे सडक पर सिर के बल जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। परिजनों और परिचितों के अनुसार सत्यप्रकाश दुबे हमेशा हेलमेट पहनकर बाइक चलाते थे। वे भैयाथान से हेलमेट पहनकर ही रामानुजनगर आए थे, लेकिन पेट्रोल पंप उद्घाटन समारोह के दौरान उनका हेलमेट वहीं छूट गया। इसके बाद वे बिना हेलमेट के ही रिश्तेदार के घर के लिए निकल पड़े। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई। सत्यप्रकाश दुबे भारद्वाज पब्लिक स्कूल के संचालक थे। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में समाज के लोग अस्पताल पहुंचे। उनकी असामयिक मौत से शिक्षा जगत और परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur