Breaking News

बिश्रामपुर@दोस्तों के सामने नदी में डूबा 10 साल का मासूम रातभर तलाश के बाद सुबह मिली लाश

Share


-संवाददाता-
बिश्रामपुर,26 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में घुनघुट्टा नदी में नहाने गए 10 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। बालक अपने दो दोस्तों के साथ नदी पहुंचा था, लेकिन तेज बहाव में बह गया। घटना देखकर उसके दोस्त घबरा गए और डर के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। देर शाम नदी किनारे लावारिस साइकिल और कपड़े मिलने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। रातभर तलाश के बाद रविवार सुबह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर बालक का शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुंजनगर निवासी योगेंद्र राजवाड़े (10) शनिवार शाम करीब पांच बजे साइकिल लेकर घर से निकला था। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमते हुए ग्राम पंचायत हर्राटिकरा स्थित घुनघुट्टा नदी पहुंचा। यहां उसने साइकिल खड़ी कर कपड़े उतारे और नहाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह संभल नहीं सका और बह गया। योगेंद्र को बहता देख उसके दोनों दोस्त घबरा गए और सीधे अपने-अपने घर लौट गए। डर के कारण उन्होंने न तो अपने परिजनों को और न ही योगेंद्र के घरवालों को घटना की जानकारी दी। इससे काफी देर तक किसी को बालक के लापता होने का पता नहीं चल सका।
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो से चला सुराग
कुछ देर बाद गांव का एक युवक नदी किनारे से गुजर रहा था। उसने वहां साइकिल और कपड़े लावारिस पड़े देखे तो अनहोनी की आशंका हुई। उसने उनकी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कर दी। फोटो वायरल होने के बाद साइकिल और कपड़ों की पहचान योगेंद्र की हुई। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और जयनगर पुलिस को सूचना दी।
रातभर तलाश,सुबह मिला शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इस दौरान घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी में योगेंद्र का शव मिला।


Share

Check Also

रामानुजनगर@ हेलमेट छूटा,कुछ देर बाद हादसा…नशेड़ी बाइक सवार की टक्कर से स्कूल संचालक की मौत

Share पेट्रोल पंप उद्घाटन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, रामानुजनगर अस्पताल में उपचार के …

Leave a Reply