Breaking News

उदयपुर@पहली बारिश में ही बह गया 18 लाख का पुल,कई गांवों का संपर्क टूटा

Share

स्कूली बच्चों,मरीजों और किसानों की बढ़ी परेशानी,ग्रामीणों ने जल्द पुनर्निर्माण व वैकल्पिक मार्ग की मांग की…

-संवाददाता-
उदयपुर,26 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। विकासखंड उदयपुर की ग्राम पंचायत पुटा में करीब 18 लाख रुपए की लागत से निर्मित पुल पहली बड़ी बारिश की परीक्षा भी पास नहीं कर सका। वर्ष 2023 में उदयपुर-चकेरी मार्ग पर बेलढाब पंडों बस्ती पहुंच मार्ग के हथफोड़ नाला पर बना पुल बारिश के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पुल का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में ग्रामीणों की सुविधा के लिए हथफोड़ नाला पर लगभग 18 लाख रुपए की लागत से पुल का निर्माण कराया गया था। लेकिन तीन वर्ष के भीतर ही तेज बारिश के दौरान पुल बह गया। इससे बेलढाब जुनपारा, पंडों बस्ती और आमाडुगू सहित आसपास के गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है। पुल बहने से स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के बीच लोगों को जान जोखिम में डालकर वैकल्पिक रास्तों से आवाजाही करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग : ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। यदि निर्माण मानकों के अनुरूप होता तो पुल इतनी जल्दी नहीं बहता। उनका कहना है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद पुल का कुछ वर्षों में बह जाना भ्रष्टाचार और लापरवाही की ओर इशारा करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था की जाए, पुल का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए तथा निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो पूरे बारिश के मौसम में क्षेत्र के ग्रामीणों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/बिलासपुर@ आईसी मार्ट प्रकरण में हाईकोर्ट से जगत बैद और दीपक बैद को अंतरिम राहत

Share अग्रिम जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा,अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक;पुलिस …

Leave a Reply