- चार दिन तक चला खेल महोत्सव,असम,ओडिशा,पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की टीमों
- ने दिखाया दम…विजेता-उपविजेता खिलाडिय़ों को ट्रॉफी व पदक देकर किया सम्मानित

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल (ओपीएस), अंबिकापुर में आयोजित सीबीएसई फार ईस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। चार दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में असम, छत्तीसगढ़,ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न विद्यालयों के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट खेल कौशल,अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह (टिन्नी) थे। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अंबस्ट और छत्तीसगढ़ राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मोहम्मद इमरान अली रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई.ए. खान सूरी,सीबीएसई खेल पर्यवेक्षक संतोष बेहुरा, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि हरमिंदर सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ओरिएंटल पब्लिक स्कूल शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यहां अतिथि देवो भवः की भावना का साकार रूप देखने को मिला और यहां आने वाले खिलाड़ी अंबिकापुर की मेहमाननवाजी व बेहतर आयोजन को लंबे समय तक याद रखेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में द ग्रेट इंडिया पब्लिक स्कूल, रायपुर विजेता और ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर उपविजेता रहा। अंडर-14 बालक वर्ग में केसी पब्लिक स्कूल, ब्रह्मपुर ने खिताब जीता, जबकि ओपीएस अंबिकापुर दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 बालिका वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल, गोपालपुर विजेता बना, जबकि ओपीएस चौथे स्थान पर रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में आदर्शिला विद्या मंदिर, कोनी-बिलासपुर ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में विवेकानंद केंद्रीय विद्यालय, गोलाघाट विजेता रहा, जबकि ओरिएंटल पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक वर्ग में केसी पब्लिक स्कूल, ब्रह्मपुर ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान केसी पब्लिक स्कूल, ब्रह्मपुर के खिलाड़ी आर्यन साहू को विषम परिस्थितियों में शानदार गोल करने के लिए विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई.ए. खान सूरी ने 1,000 का विशेष नगद पुरस्कार प्रदान किया। समापन समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। चार दिवसीय प्रतियोगिता खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए संपन्न हुई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur