भाजपा जिलाध्यक्ष बोलीं…परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मनेन्द्रगढ़,25 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी एमसीबी की जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने कहा है कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी,निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है, उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जारी बयान में श्रीमती पावले ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना और युवाओं के भविष्य की रक्षा करना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानूनी प्रावधानों और प्रभावी व्यवस्था की दिशा में निर्णायक कदम उठाए हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी राजनीतिक दल छात्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के बजाय इस मुद्दे पर भ्रम और अव्यवस्था का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, उनका कहना था कि विपक्ष ने छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की, जबकि केंद्र सरकार ने त्वरित निर्णय लेकर कठोर कानून और प्रभावी कार्रवाई की दिशा में पहल की है, श्रीमती पावले ने कहा कि सरकार द्वारा पेपर लीक मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक व्यवस्था, दोषियों के लिए कड़ी सजा तथा अनियमितताओं में शामिल संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जैसे प्रावधान किए जा रहे हैं, उनका कहना है कि इन उपायों से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा मेहनत करने वाले छात्रों का विश्वास और मजबूत होगा,उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्ग जागरूक है और वह अच्छी तरह समझता है कि कौन उसके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ईमानदारी से काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलन और भ्रम की राजनीति कर रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की पारदर्शी और कठोर नीति से परीक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा योग्य और मेहनती विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी, उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी मेहनत का उचित सम्मान हो सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur