फंसे ट्रैक्टर को जबरन निकालने की कोशिश बनी हादसे की वजह,15 दिन में तीसरे चालक की गई जान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के टिकरापारा गांव में शुक्रवार को खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक का शव बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार टिकरापारा निवासी 26 वर्षीय सुरेंद्र तिग्गा खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर खेत में फंस गया। बताया जा रहा है कि चालक ट्रैक्टर को जबरन बाहर निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। हादसे की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर हटाकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सरगुजा जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर ट्रैक्टर पलटने की यह तीसरी जानलेवा घटना है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने खेतों में सुरक्षा उपायों की अनदेखी और ट्रैक्टर संचालन में बरती जा रही लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन ने किसानों व ट्रैक्टर चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur