ब्रेथ एनालाइजर जांच में दोनों चालक मिले नशे में,न्यायालय ने प्रत्येक पर लगाया 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल चालक और एक कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों मामलों में न्यायालय ने प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस तरह कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान चेकिंग के समय जेएच-01-डीबी-9302 क्रमांक की मोटरसाइकिल के चालक बृजकिशोर सिंह यादव (34 वर्ष),निवासी गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) को रोका गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। इसी अभियान के दौरान यूपी-61-एडी-2493 क्रमांक की कार के चालक वीरेंद्र गिरी (19 वर्ष), निवासी नवानगर, थाना दरिमा की भी जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर परीक्षण में वह भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय ने दोनों पर 10-10 हजार रुपये, कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur