Breaking News

अंबिकापुर@धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरगुजा कांग्रेस की विजय रैली,आतिशबाजी कर मनाया जश्न

Share

अम्बिकापुर,25 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को अंबिकापुर में विजय रैली निकालकर जश्न मनाया। राजीव भवन से संगम चौक तक निकली रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और इसे छात्रों के आंदोलन की जीत बताया। देशभर में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने पहले प्रस्तावित मशाल रैली को विजय रैली का स्वरूप दिया।
रैली के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं और इससे प्रभावित छात्रों के भविष्य को लेकर पूरे देश में आक्रोश था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आंदोलन को दबाने का प्रयास किया, लेकिन अंततः जनदबाव के आगे झुकना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि नीट सहित विभिन्न परीक्षा विवादों को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार छात्रों की आवाज उठाते रहे हैं। उनके अनुसार मंत्री का इस्तीफा आंदोलन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, हालांकि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता अभी भी बनी हुई है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने इसे छात्र एकता की जीत बताते हुए कहा कि देशभर के युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने परीक्षा संबंधी विवादों से प्रभावित छात्रों को श्रद्धांजलि भी दी।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि केवल मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर युवाओं के हित में आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि सरकार ने दबाव में यह फैसला लिया है। उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए केवल इस्तीफा नहीं, बल्कि ठोस सुधारात्मक कदम भी आवश्यक हैं।
विजय रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों, मोर्चा संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वहीं, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर देशभर में विपक्षी दलों ने इसे छात्रों के आंदोलन और सार्वजनिक दबाव का परिणाम बताया है, जबकि केंद्र सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आगे भी कदम उठाने की बात कही है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/बिलासपुर@ आईसी मार्ट प्रकरण में हाईकोर्ट से जगत बैद और दीपक बैद को अंतरिम राहत

Share अग्रिम जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा,अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक;पुलिस …

Leave a Reply