बोलीदाताओं ने पारदर्शिता पर खड़े किए प्रश्न, नियमों की अनदेखी कर दूसरे को आवंटन का आरोप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिला न्यायालय परिसर में वाहन स्टैंड और फोटोकॉपी दुकान के आवंटन को लेकर विवाद गहरा गया है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ आवेदकों ने आवंटन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नियमों के अनुरूप पात्र होने के बावजूद उन्हें दुकान का आवंटन नहीं किया गया, जबकि किसी अन्य व्यक्ति के नाम आवंटन कर दिया गया। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि निविदा प्रक्रिया के दौरान उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि नियमानुसार कार्रवाई होगी, लेकिन अंतिम परिणाम में नियमों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही और आवंटन को लेकर स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक कर्मचारी संघ, जिला शाखा अंबिकापुर की ओर से जिला न्यायालय परिसर में वाहन स्टैंड एवं फोटोकॉपी दुकान के संचालन के लिए 13 से 23 जुलाई तक निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। 24 जुलाई को निविदा खोलने की प्रक्रिया निर्धारित थी। इसके बाद आवंटन को लेकर विवाद सामने आ गया। शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि मामले में जानकारी लेने और सवाल पूछने पर समिति के सदस्य स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं। इससे पूरी प्रक्रिया को लेकर संदेह और बढ़ गया है। प्रभावित पक्ष ने निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप पात्र आवेदकों को न्याय दिलाने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur