जेवर,नकदी और कांसा-पीतल के बर्तन पार…कबाड़ी को बेचने का आरोप,दो नाबालिग व कबाड़ी हिरासत में
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में नाबालिगों द्वारा चोरी की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला केदारपुर पानी टंकी के पास का है, जहां एक निजी स्कूल की शिक्षिका के सूने मकान का पीछे का दरवाजा तोडकर तीन नाबालिगों ने दिनदहाड़े चोरी कर ली। आरोप है कि चोरी का सामान बाद में एक कबाड़ी को बेच दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो नाबालिग और एक कबाड़ी को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार केदारपुर निवासी सरिता सिन्हा निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। 22 जुलाई की सुबह करीब 7.30 बजे वह घर में ताला लगाकर स्कूल गई थीं। दोपहर करीब 3 बजे लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था। जांच करने पर सोने की एक चेन, चार अंगूठियां, चांदी के सिक्के, कांसा-पीतल के बर्तन, नकदी सहित अन्य कीमती सामान गायब मिला।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात : घटना की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में दोपहर 12.54 बजे तीन नाबालिग मकान की ओर जाते दिखाई दिए, जबकि 2.35 बजे वे एक बोरी में सामान लेकर बाहर निकलते हुए कैद हुए।
कबाड़ी से पूछताछ जारी : शिक्षिका के पति की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो नाबालिगों और एक कबाड़ी को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चोरी का सामान कबाड़ी को बेचे जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी का सामान बरामद करने का प्रयास कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur