Breaking News

बैकुंठपुर@ करोड़ों की स्ट्रीट लाइट योजना पर सवाल

Share

नई लाइटें भी बंद,गुणवत्ता जांच की मांग तेज
भाजपा नेता एवं चैंबर जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता ने सीएमओ और नपा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन,
अमानक सामग्री और घटिया गुणवत्ता के लगाए आरोप
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,24 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित की जा रही स्ट्रीट लाइट एवं ट्यूबलर पोल योजना की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं,भाजपा नेता एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर तथा नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे कार्य की तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शहर में हाल ही में लगाई गई कई नई स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी हैं,जबकि जिन स्थानों पर कार्य अभी जारी है वहां भी अमानक सामग्री और निम्न गुणवत्ता के तारों का उपयोग किए जाने की शिकायत मिल रही है, उनका कहना है कि यदि सतह पर दिखने वाले कार्यों में ही गुणवत्ता का अभाव है, तो ट्यूबलर पोल और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
करोड़ों की योजना,लेकिन रोशनी अधूरी-शारदा गुप्ता ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए करोड़ों रुपये की लागत से ट्यूबलर पोल और स्ट्रीट लाइट लगाने की स्वीकृति दी है,उनका कहना है कि सरकार की मंशा शहर को बेहतर और सुरक्षित प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है,लेकिन जमीनी स्तर पर कई स्थानों पर नई लाइटें ही बंद पड़ी हैं, इससे योजना के क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अमानक सामग्री के उपयोग का आरोप-ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि स्ट्रीट लाइट कार्यों में मानक गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है,विशेष रूप से बिजली के तार और अन्य उपकरणों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं,शारदा गुप्ता ने मांग की है कि पूरे कार्य का स्वतंत्र तकनीकी परीक्षण कराया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उपयोग की गई सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
बरसात में बढ़ सकती हैं दुर्घटनाएं-उन्होंने कहा कि वर्तमान में वर्षा ऋतु चल रही है और ऐसे समय में सड़कों पर पर्याप्त रोशनी होना अत्यंत आवश्यक है,यदि स्ट्रीट लाइटें बंद रहेंगी तो वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती है।
उच्च अधिकारियों से भी की शिकायत-शारदा गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में संचालक,नगरीय प्रशासन,अंबिकापुर (सरगुजा संभाग) को भी ज्ञापन भेजकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है,उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई,तो मुख्यमंत्री, संबंधित विभागीय मंत्री तथा अन्य उच्च अधिकारियों के समक्ष भी शिकायत प्रस्तुत की जाएगी।
नगर पालिका ने दिया जांच का आश्वासन-ज्ञापन प्राप्त होने के बाद नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है, अब देखना यह होगा कि जांच कितनी जल्दी होती है और यदि गुणवत्ता में कमी या अमानक सामग्री के उपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।


Share

Check Also

सूरजपुर@जिला प्रशासन और निकोन छत्तीसगढ़ की संयुक्त पहल

Share दो दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला संपन्न,विद्यार्थियों ने सीखी आधुनिक कैमरा तकनीक और वीडियोग्राफी की बारीकियां-संवाददाता-सूरजपुर,24 …

Leave a Reply