बैज बोले- एक हफ्ते में भाजपा कार्यकर्ताओं पर होगी एफआईआर,पुलिस ने लिखित आश्वासन दिया
रायपुर,24 जुलाई 2026। रायपुर में कांग्रेस का 18 घंटे तक चला अनिश्चितकालीन धरना खत्म हो गया है। दीपक बैज के मुताबिक पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर एफआईआर दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाई गई गैर-जमानती धाराओं की विवेचना की जाएगी और इसी के बाद धरना समाप्त किया गया। भाजपा-कांग्रेस बवाल के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं वाली एफआईआर के विरोध में खम्हारडीह थाने के सामने यह आंदोलन किया जा रहा था। कांग्रेस की मांग थी कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी काउंटर एफआईआर दर्ज की जाए। जिन 12 कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर हुई है, वे सभी शाम को खम्हारडीह थाने पहुंचे,जहां घायल कार्यकर्ताओं का एमएलसी कराया गया। पुलिस ने गैर-जमानती धाराओं में दर्ज मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
बैठक में बनी मांगों पर सहमति
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता और कार्यकर्ता रातभर थाने के बाहर डटे रहे। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। शुक्रवार सुबह पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच बैठक हुई। इसमें मध्य जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप,एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लांबा मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज,सह प्रभारी जरिता लैतफलांग,प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू,सुशील आनंद शुक्ला, सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजा शामिल हुए।
दीपक बैज बोले- हमने चूडि़यां नहीं पहनी हैं : इससे पहले, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था कि, हम चुप बैठने वाले नहीं हैं, हमने चूडि़यां नहीं पहनी हैं। बीजेपी की यह कार्रवाई पूरी तरह से बदले की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस इस कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी।
भाजपा कुछ महीनों की मेहमान, पुलिस अधिकारी ध्यान रखें : वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, भाजपा सरकार कुछ ही महीनों की मेहमान है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur