गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई,7180 रुपये कीमत की शराब बरामद
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए गांधीनगर पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का भंडारण एवं बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 लीटर 755 मिलीलीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,180 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में आबकारी अधिनियम के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 जुलाई को गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नवापारा गोधनपुर रोड निवासी एक व्यक्ति अपने मकान में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखकर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
वहां रविन्द्र सिंह (44 वर्ष) निवासी नवापारा गोधनपुर रोड, थाना गांधीनगर मिला। पूछताछ के दौरान उसके घर से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई। बरामद शराब में 8 बोतल सिम्बा बीयर, 5 बोतल हंटर बीयर, 5 बोतल ड्रंक 10000 बीयर, 4 सिम्बा कैन बीयर, 7 बोतल रॉयल चैलेंज व्हिस्की तथा 1 बोतल गोवा स्पेशल व्हिस्की शामिल है। कुल 15 लीटर 755 मिलीलीटर शराब की कीमत 7,180 रुपये आंकी गई है। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 468/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur