रायगढ़,21 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत सहारा इंडिया निवेश घोटाले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को कोतरारोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जिले सहित अन्य स्थानों के 3,848 निवेशकों से ?40.78 करोड़ से अधिक की कथित धोखाधड़ी की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वर्ष 2022 में रायगढ़ निवासी विकास निगानिया की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था। आरोप है कि वर्ष 2017 के दौरान सहारा इंडिया की विभिन्न निवेश योजनाओं में बेहतर रिटर्न और भरोसे का दावा कर शिकायतकर्ता तथा उसके परिवार सहित बड़ी संख्या में लोगों से रकम जमा कराई गई। परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। जांच में सामने आया कि निवेशकों से ली गई राशि के बदले अलग-अलग सहकारी समितियों के नाम पर बॉण्ड जारी कर सुनियोजित तरीके से आर्थिक छल किया गया। विवेचना के दौरान प्रशासन,बैंकिंग संस्थानों,मंत्रालयों और निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों का परीक्षण किया गया, जिसमें कंपनी के कई जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका सामने आई। पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान आरोपी से कंपनी से जुड़े प्रशासनिक दस्तावेज,एमओयू की प्रतियां तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख जब्त किए गए। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह और टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तारी की। मामले में फरार अन्य लोगों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार शराफ (54 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़, रायगढ़ के रूप में हुई है,जो सहारा इंडिया के कबीर चौक स्थित शाखा का ब्रांच मैनेजर रहा है,गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल, रायगढ़ पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराध से जुड़े इस प्रकरण में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। नए साक्ष्य मिलने पर अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि निवेशकों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया मजबूत हो सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur