Breaking News

अम्बिकापुर@पुटू बीनने गए वृद्ध पर हाथी का हमला,जबड़ा टूटा,पत्नी भी घायल

Share


भालूमाड़ा के जंगल में हुआ हादसा, गंभीर घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल किया गया रेफर

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के भालूमाड़ा जंगल में सोमवार सुबह पुटू (खुखड़ी) बीनने गए वृद्ध दंपती पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी के हमले में 55 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका जबड़ा टूट गया,जबकि जान बचाने के लिए भाग रही उसकी पत्नी गिरकर घायल हो गई। दोनों को उपचार के लिए उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सायर निवासी बिहानू (55) अपनी पत्नी संपत के साथ सोमवार सुबह करीब 7 बजे गांव से लगे भालूमाड़ा के जंगल में पुटू-खुखड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान जंगल में उनका सामना हाथी से हो गया। हाथी को सामने देखकर दोनों अलग-अलग दिशा में भागने लगे,लेकिन हाथी ने बिहानू का पीछा कर उस पर हमला कर दिया। हमले में उसका जबड़ा टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। इधर, हाथी से बचने के लिए भाग रही संपत घबराहट में गिर गई, जिससे वह भी घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हाथी के जंगल की ओर लौटने के बाद ग्रामीणों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बिहानू की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया,जबकि उसकी पत्नी का इलाज उदयपुर अस्पताल में किया गया। इन दिनों जंगलों में निकलने वाली पुटू-खुखड़ी की अच्छी कीमत मिलने से बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह-शाम जंगलों का रुख कर रहे हैं। वन विभाग ने हाथियों की सक्रियता वाले क्षेत्रों में बिना जानकारी जंगल नहीं जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है। लगातार हाथी-मानव संघर्ष की घटनाओं के बीच यह घटना एक बार फिर जंगल में प्रवेश के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।


Share

Check Also

कोरिया/बैकुंठपुर@ पहले सौदा, फिर रोक! 75 साल पुरानी वन भूमि पर प्रशासन की देर से जागी नींद…अब कई सवालों के जवाब बाकी…

Share खोजी खबर का असर? 75 साल पुरानी वन भूमि के क्रय-विक्रय पर लगी रोक,अब …

Leave a Reply