बिलासपुर,19 जुलाई 2026। शहर के पॉश इलाके में 14 दिन पहले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह कोई आम विवाद या अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित ‘सुपारी किलिंग’ का खौफनाक प्रयास था। हत्या के लिए हमलावरों को 5-5 लाख रुपए का लालच दिया गया था। तारबहार थाना पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस पूरी खूनी साजिश का मास्टरमाइंड दीपक तिवारी और उसका एक साथी अब भी फरार हैं।
सीसीटीवी और एक बाइक के नंबर ने खोला राज : बीती 4 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे कांग्रेस नेता श्याम कश्यप रोज की तरह रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। गालियां देते हुए आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से कश्यप के सिर, हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लहूलुहान हालत में नेता को अस्पताल पहुंचाया गया। उनके बेटे शिशिर कश्यप की रिपोर्ट पर तारबहार पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध बाइक (CG-31 C-1957) कैद हो गई। इसी बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस की तफ्तीश पड़ोसी जिले जीपीएम के पटेराटोला (गौरेला) तक जा पहुंची।
5 लाख का लालच,दूर से मास्टरमाइंड ने इशारा किया : पुलिस ने पटेराटोला से संदेही नितिन टेकाम (21 वर्ष) और एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने पूरा कच्चा-चिट्ठा खोल दिया। आरोपियों ने बताया कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक रसूखदार व्यक्ति की हत्या करने के लिए उन्हें 5-5 लाख रुपए की सुपारी दी थी। तय योजना के तहत नितिन,साहिल सोनकर और नाबालिग उसी बाइक से बिलासपुर पहुंचे। वारदात के वक्त मास्टरमाइंड दीपक तिवारी भी रेलवे अस्पताल के आसपास ही छिपकर खड़ा था। जैसे ही श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक करते हुए वहां पहुंचे,दीपक ने दूर से इशारा करते हुए अपने गुर्गों से कहा-यही है टारगेट,जिसका काम तमाम करना है। इशारा मिलते ही हमलावरों ने डंडों से नेता पर हमला बोल दिया।
पुलिस अब ममास्टरमाइंड की तलाश में : तारबहार पुलिस ने आरोपी नितिन टेकाम और नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक,डंडा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार मास्टरमाइंड दीपक तिवारी और तीसरे हमलावर साहिल सोनकर की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur