दंतेवाड़ा,12 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के कई डंप बरामद किए हैं। कार्रवाई में 116 ग्राम सोना, दो लाख रुपये नकद, आधुनिक हथियार,बड़ी मात्रा में गोला-बारूद,विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई है। बरामद सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 18 लाख रुपये बताया गया है। दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय ओ इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) जितेंद्र कुमार खूंटे ने की। पुलिस के अनुसार, हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नक्सलियों के गुप्त डंप की सटीक जानकारी दी थी। इसके आधार पर संयुक्त टीमों ने तोड़मा के घने जंगलों में सर्च अभियान चलाया, जहां जमीन के नीचे अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद सामग्री में -116 ग्राम सोने का बिस्कुट (अनुमानित कीमत 16 लाख),2 लाख नकद, 1 इंसास राइफल एवं 16 इंसास मैगजीन,4 एके-47 मैगजीन और 68 राउंड,23 एसएलआर मैगजीन एवं 34 राउंड,5 बारह बोर बंदूकें और 7 कारतूस,3 बीजीएल लॉन्चर एवं 1 बीजीएल सेल,2 कार्बाइन मैगजीन, 303 के 8 राउंड एवं 45 चार्जर,10 भरमार बंदूकें (टूटी-फूटी),1 रिवॉल्वर,1 एयरगन,6 टिफिन बम, 4 पाइप बम,122 तीर बम,1 पैरा बम,2 देशी हैंड ग्रेनेड,2 देशी मोर्टार,जिलेटिन,20 डेटोनेटर,कोडेक्स वायर का बंडल और 14 कुकर बम, नक्सली वर्दी का कपड़ा, दवाइयां,पर्चे-पाम्पलेट एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि आत्मसमर्पित माओवादियों द्वारा दी गई सूचना से यह स्पष्ट है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास और शांति की राह पर लौट चुके हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur