नक्सली डम्प से दो .303 रायफल समेत हथियार और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले
कांकेर,12 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांकेर-नारायणपुर सीमा पर आलपरस और गुमचुर के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों का एक डंप बरामद किया। डंप से दो .303 रायफल, 32 राउंड कारतूस, लैपटॉप, टैबलेट, वायरलेस उपकरण, नक्सली वर्दी और अन्य सामग्री जब्त की गई। इसकी पुष्टि कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने की है। पुलिस के अनुसार, जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित रहे सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प को बरामद किया। बरामद नक्सली डंप से दो .303 रायफल, 32 राउंड .303 कारतूस, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, तीन वायरलेस बैटरी, एक रेडियो सेट, दो नक्सली वर्दी, पांच पाउच, दो चार्जर, एक बैटरी, नक्सली साहित्य तथा अन्य उपयोगी सामग्री शामिल है। इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व बीएसएफ 40वीं वाहिनी के एसी अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ इंस्पेक्टर अनुज कुमार,उप निरीक्षक नवीन प्रकाश,उप निरीक्षक सौरभ यादव तथा डीआरजी टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र नेताम ने किया। कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित रहे सीमावर्ती क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी सघन सर्चिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur