Breaking News

भोपाल@नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर दतिया में बवाल…एसपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल

Share

प्रदर्शकारियों ने हाइवे पर किया पथराव-चक्काजाम,जिले में धारा 163 लागू
भोपाल,11 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद जिला सुलग उठा है। टिकट बदलने से नाराज समर्थकों का विरोध शनिवार तड़के बेहद उग्र हो गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू कर दी है। दरअसल, दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था और लगातार जनसभाएं कर रहे थे। हालांकि, पार्टी ने आखिरी वक्त पर आशुतोष तिवारी के नाम पर मुहर लगा दी। दतिया सीट के लिए अब तक 13 लोग फॉर्म खरीद चुके हैं, जिनमें से 4 ने नामांकन दाखिल भी कर दिया है। भाजपा द्वारा टिकट की घोषणा होते ही पार्टी में बगावत खुलकर सामने आ गई। डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने शुक्रवार को ग्वालियर-झांसी हाईवे समेत जिले के कई स्थानों पर चक्काजाम कर दिया गया। शुक्रवार शाम से शुरू हुआ असंतोष शनिवार सुबह तड़के करीब 4ः30 बजे हिंसक झड़प में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक गाड़ी को पलट दिया गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस पथराव में दतिया एसपी, एसडीओपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। नरोत्तम मिश्रा के भी कुछ समर्थकों के चोटिल होने की खबर है। बड़ौनकलां में चक्काजाम की खबर के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए दतिया स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। दफ्तर के अंदर मौजूद करीब 250 कार्यकर्ताओं को सुरक्षा के लिहाज से अंदर ही रोक दिया गया। कुछ समर्थकों ने खुद को अंदर बंद भी कर लिया था, जिन्हें बाद में अफसरों की समझाइश पर बाहर निकाला गया।


Share

Check Also

अंकारा/निकोसिया@तुर्किये जा रही फेरी बोट समुद्र में पलटी

Share 7 की मौत,24 लापता,270 यात्री सवार थे बोट के ऊपर चढ़कर जान बचाईअंकारा/निकोसिया,30 अगस्त …

Leave a Reply