Breaking News

एमसीबी@ आओ सुनाऊ मनेन्द्रगढ़ के महा जुआ कांड की कार्रवाई की पटकथा!

Share

  • पुलिस पहुंची पहले, जुआरी भागे पहले फिर शुरू हुई कार्रवाई की कहानी!
  • मनेन्द्रगढ़ जुआ कांड में शरीर रेड में, दिमाग संरक्षण में!
  • पुलिस पहुंची पहले,जुआरी भागे पहले..फिर शुरू हुई कार्रवाई की कहानी!
  • नेन्द्रगढ़ जुआ कांड में शरीर रेड में…दिमाग संरक्षण में…
  • जहां शरीर पुलिस के साथ दौड़ रहा था,लेकिन दिमाग सेटिंग बचाने में लगा था!
  • मनेन्द्रगढ़ का महाजुआ कांड कार्रवाई कम,पटकथा ज्यादा!
  • आईजी की सख्ती,एडिशनल एसपी की रणनीति,लेकिन संरक्षण तंत्र ने बिगाड़ दिया पूरा खेल?
  • जंगल में जुआ,थाने में धारा खोजो अभियान और बीच में गायब सरगना!
  • शरीर कार्रवाई में दौड़ता रहा, दिमाग संरक्षण में लगा रहा और जुआ फड़ बन गया पुलिसिया व्यंग्य का सबसे बड़ा मंच
  • पहले मुचलका,फिर दोबारा पकड़ो…मनेन्द्रगढ़ पुलिस की अनोखी कार्रवाई!
  • मुख्य सरगना फरार…सवालों में पूरी कार्रवाई!
  • थाने में पलटती रहीं कानून की किताबें,लेकिन धारा नहीं मिली!
  • पुलिस की कार्रवाई या संरक्षण तंत्र की मजबूरी? जिले में गरमाई चर्चाएं!


-रवि सिंह-
एमसीबी,11 मई 2026 (घटती-घटना)।
एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ में हुए कथित अंतर्राज्यीय जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई अब केवल एक पुलिसिया दबिश भर नहीं रह गई है,बल्कि यह पूरा मामला जिले की कानून व्यवस्था,पुलिस की कार्यशैली, अंदरूनी खींचतान,संरक्षण तंत्र और सेटिंग संस्कृति पर बड़ा सवाल बन चुका है,जुआ फड़ पर कार्रवाई हुई, पुलिस पहुंची, कुछ लोग पकड़े गए,नकदी जब्त हुई, वीडियो वायरल हुए, एफआईआर भी दर्ज हो गईज्लेकिन जितनी तेजी से कार्रवाई हुई,उससे कई गुना ज्यादा तेजी से सवाल खड़े हो गए,लोग अब पूछ रहे हैं कि आखिर यह कार्रवाई थी या सीमित सफलता वाला प्रायोजित प्रदर्शन? क्योंकि जिस जुआ फड़ की चर्चा महीनों से थी, जहां लाखों की बाजियां लगती थीं, जहां दूसरे जिलों और राज्यों से लोग आते थे,जहां कथित रूप से फाइनेंसर,सरगना,वाहन व्यवस्था,सेटिंग और सूचना नेटवर्क तक मौजूद था वहां पुलिस को आखिर सिर्फ छह लोग ही क्यों मिले? और सबसे बड़ा सवाल ये भी है की क्या कार्रवाई वास्तव में जुआ खत्म करने के लिए हुई थी या फिर ऊपर को यह दिखाने के लिए कि सर, हमने रेड कर दी?
एफआईआर कहती है रात 8 बजे…लेकिन पुलिस 5ः15 पर पहुंच गई थी!
यहीं से पूरा मामला और संदिग्ध बन जाता है,एफआईआर में कार्रवाई का समय बाद का बताया गया, लेकिन स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि पुलिस काफी पहले ही मौके पर पहुंच चुकी थी,यदि यह सही है, तो सवाल उठता है कि क्या रिकॉर्ड और वास्तविक समय में अंतर क्यों है? और यदि पुलिस पहले पहुंची थी, तो क्या यह मान लिया जाए कि कार्रवाई जल्दबाजी में की गई?
अंतर्राज्यीय जुआ फड़…लेकिन वाहन और मोबाइल गायब!
एफआईआर में यह जरूर दर्ज है कि आरोपी अलग-अलग जिलों और यहां तक कि दूसरे राज्य से भी आए थे,अब सवाल यह है कि क्या वे पैदल आए थे? क्योंकि पुलिस को न वाहन मिले,न मोबाइल जब्त हुए, जबकि सूत्रों का दावा है कि जुआ संचालक कोतमा तक अपनी गाडि़यां भेजते थे। खिलाडि़यों को बैठाकर लाया जाता था और रात में वापस छोड़ा जाता था,यानी यह केवल जुआ नहीं था,बल्कि प्रीमियम सुविधा वाला संगठित कारोबार था,अब लोग कह रहे हैं कि जहां इतनी व्यवस्था थी,वहां पुलिस को गाडि़यां तक नहीं मिलींज् यह बात हजम करना मुश्किल है।
जंगल तक पहुंचने से पहले ही करनी पड़ी कार्रवाई
सूत्रों का कहना है कि पुलिस वास्तविक फड़ तक पहुंचती,उससे पहले ही लोग निकलना शुरू हो चुके थे, यानी कार्रवाई वहां नहीं हुई जहां महाजुआ चल रहा था,बल्कि वहां हुई जहां भागते हुए खिलाड़ी पुलिस के हाथ लग गए, अब लोग व्यंग्य में कह रहे हैं कि पुलिस जंगल के अंदर शेर पकड़ने निकली थी, लेकिन बाहर आते हिरण पकड़कर लौट आई।
सेटिंग है,कोई कार्रवाई नहीं होगी—आरोपी के कथित बयान ने बढ़ाई बेचैनी
सूत्रों के अनुसार पूछताछ में एक आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि पुलिस से सेटिंग है,कोई कार्रवाई नहीं होगी,जब एडिशनल एसपी ने पूछा कि किसने कहा,तो आरोपी ने लाल, अजीत और मोहन नाम लिए,अब यही तीन नाम जिले की सबसे बड़ी चर्चा बन चुके हैं,लोग पूछ रहे हैं,कौन हैं ये लोग? क्या ये केवल खिलाड़ी थे? या पूरे नेटवर्क के मैनेजर? और सबसे बड़ा सवाल है की क्या पुलिस अब इन तक पहुंचेगी?
अब असली सवाल
क्या यह कार्रवाई शुरुआत है या सिर्फ प्रदर्शन?
पूरा मामला अब एक ही सवाल पर टिक गया है की क्या पुलिस वास्तव में पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी?
क्या लाल,अजीत और मोहन तक कार्रवाई जाएगी?
क्या कथित संरक्षण की जांच होगी?
क्या बड़े होटल और बड़े नाम भी जांच के दायरे में आएंगे?
या फिर यह मामला भी कुछ दिनों बाद ठंडा पड़ जाएगा?

फिलहाल जिले में यही चर्चा है कि मनेन्द्रगढ़ का यह महाजुआ कांड केवल जुआ फड़ की कहानी नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का आईना है जहां कार्रवाई भी होती है और संरक्षण की चर्चा भी साथ-साथ चलती रहती है।
मुख्य सरगना मोहन आखिर कैसे बच निकला?
पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा रहस्य यही है कि मुख्य सरगना बताया जा रहा व्यक्ति बच निकला, जबकि पुलिस के पास टाइमिंग भी थी, जानकारी भी थी और पूरी रणनीति भी,तो फिर सरगना कैसे निकल गया? क्या उसे पहले से सूचना मिल गई थी? या फिर कार्रवाई इतनी नियंत्रित रखी गई थी कि बड़े नाम बच जाएं? लोग अब कह रहे हैं कि यदि राजा ही भाग गया, तो सैनिक पकड़कर क्या मिला?
आईजी का दौरा और अचानक जागी पुलिस
जिले में लंबे समय से जुआ,सट्टा और अन्य अवैध कारोबारों की चर्चाएं चल रही थीं, स्थानीय स्तर पर खबरें भी प्रकाशित हो रही थीं,लेकिन हमेशा की तरह कार्रवाई उचित समय का इंतजार कर रही थी,फिर सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा का एमसीबी दौरा हुआ,उन्होंने अवैध कारोबारों पर सख्ती के निर्देश दिए,इसके बाद पुलिस महकमे में अचानक हरकत बढ़ी,सूत्रों के अनुसार इसी दौरान एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र नायक ने इस पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली,बताया जाता है कि उन्होंने बेहद गोपनीय तरीके से योजना बनाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि सूचना किसी भी हालत में बाहर नहीं जानी चाहिए,यहीं से कहानी शुरू होती है,और यहीं से कहानी बिगड़ती भी दिखती है।
रणनीति मजबूत थी…लेकिन विश्वास कमजोर निकला?
सूत्र बताते हैं कि एडिशनल एसपी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरे थे, उन्हें भरोसा था कि यदि सही समय पर दबिश दी जाए तो जिले की सबसे बड़ी जुआ कार्रवाई हो सकती है,क्योंकि स्थानीय स्तर पर थाना प्रभारी और साइबर टीम को सब जानकारी थी—कब फड़ सजता है, कौन आता है,किस समय लाखों की बाजियां लगती हैं,और कौन मुख्य सरगना होता है,बताया जाता है कि असली खेल अंधेरा होने के बाद शुरू होता था,6ः 30 बजे के बाद फड़ पूरी तरह जमता था और रात बढ़ने के साथ रकम भी बढ़ती जाती थी,लेकिन कार्रवाई शाम 5ः15 बजे शुरू हो गई, अब लोग पूछ रहे हैं—क्या पुलिस को अचानक इतनी जल्दी थी? या फिर किसी ने जल्दी कर लो वाला संदेश दे दिया था?
शरीर कार्रवाई में था,दिमाग कहीं और…
जिले में सबसे ज्यादा यही चर्चा-पूरे मामले में सबसे तीखा व्यंग्य इसी बात पर हो रहा है,सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई में कुछ अधिकारी केवल शारीरिक उपस्थिति दर्ज करा रहे थे,वे मौके पर तो मौजूद थे,लेकिन कार्रवाई को निर्णायक सफलता तक पहुंचाने की मानसिकता नहीं दिखी,विशेषकर साइबर प्रभारी और कोतवाली प्रभारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं,स्थानीय चर्चाओं में कहा जा रहा है कि यदि ये अधिकारी पूरी निष्ठा से ऑपरेशन में जुटते,तो इस कार्रवाई में दर्जनों लोग पकड़े जाते, लाखों की अतिरिक्त रकम बरामद होती और मुख्य सरगना भी पुलिस गिरफ्त में होता,लेकिन हुआ क्या? पुलिस पहुंची और जुआरी पहले ही निकलने लगे।
सूचना आखिर बाहर गई कैसे?
यह इस पूरे मामले का सबसे बड़ा रहस्य बन चुका है,सूत्रों का दावा है कि पुलिस की रवाना होने की जानकारी पहले ही बाहर पहुंच गई थी, जैसे ही भनक लगी कि पुलिस आ रही है, वहां मौजूद लोग जंगल और आसपास के रास्तों से बाहर निकलने लगे,अब सवाल यह है कि जब ऑपरेशन गोपनीय था,तो सूचना बाहर कैसे पहुंची? बताया जा रहा है कि दो गाडि़यों में टीम रवाना हुई थी, एक गाड़ी में एडिशनल एसपी और उनकी टीम थी,दूसरी गाड़ी में थाना प्रभारी और उनकी टीम,सूत्र दावा कर रहे हैं कि एडिशनल एसपी की ओर से सूचना लीक होना लगभग असंभव था,इसलिए अब संदेह दूसरी दिशा में घूम रहा है, हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है,लेकिन जिले में यह चर्चा अब सार्वजनिक बहस बन चुकी है।
थाना परिसर में भी शुरू हो गया संरक्षण बनाम सफाई अभियान
सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी आरोपियों के सामने बार-बार कहते दिखे की कौन बोलता है पुलिस संरक्षण देती है? अगर संरक्षण होता तो क्या कार्रवाई होती? अब इस कथित बयान पर भी व्यंग्य हो रहा है, लोग पूछ रहे हैं यदि संरक्षण नहीं था,तो यह सफाई देने की जरूरत क्यों पड़ी? और यदि संरक्षण था ही नहीं, तो फिर इतने वर्षों तक जुआ फड़ चलता कैसे रहा?
पहले मुचलका…फिर दोबारा पकड़ने दौड़ी पुलिस!
यह पूरा घटनाक्रम अब किसी कॉमेडी पटकथा जैसा सुनाई देने लगा है,सूत्रों का दावा है कि पहले पकड़े गए जुआरियों को मुचलके पर छोड़ दिया गया,फिर जब उच्च अधिकारियों तक यह बात पहुंची,तो सवाल उठा कि इतने बड़े मामले में आरोपियों को इतनी जल्दी क्यों छोड़ दिया गया? बस फिर क्या था पुलिस दोबारा सक्रिय हुई,चार आरोपियों को फिर पकड़ने टीम भेजी गई, तीन वापस लाए गए,और उसके बाद शुरू हुआ—धारा खोजो अभियान।
थाने में पलटती रहीं किताबें,लेकिन धारा नहीं मिली!
सूत्रों के अनुसार दुसरे दिन शाम तक पुलिसकर्मी कानून की किताबों के पन्ने पलटते रहे कि आखिर कौन सी धारा लगाई जाए,क्योंकि जिन लोगों को छोड़ा गया था,उनके खिलाफ पुराने अपराध भी बताए जा रहे थे, लेकिन काफी मशक्कत के बाद निष्कर्ष यही निकला कि कोई मजबूत धारा नहीं मिल रही, और फिर उन्हें दोबारा छोड़ दिया गया, अब लोग व्यंग्य में कह रहे हैं—जुआ फड़ से ज्यादा रोमांचक तो थाने के अंदर की कहानी निकली।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@सेठ बसंत लाल मार्ग पर तेजाब से भरा केन गिरा,मची अफरा-तफरी, कुछ देर ठप रहा आवागमन

Share अम्बिकापुर,11 मई 2026 (घटती-घटना)। सेठ बसंत लाल मार्ग पर सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप …

Leave a Reply