भाई की हत्या के आरोप में बड़ा भाई और भाभी गिरफ्तार,चेन्द्रा पुलिस की कार्रवाई
सूरजपुर,11 मई 2026 (घटती-घटना)। जमीन के हिस्सा बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया, मामले में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने मृतक के बड़े भाई और भाभी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की है।जानकारी के अनुसार ग्राम चन्द्रमेढ़ा निवासी कलेश्वर टोप्पो ने दिनांक 19 अप्रैल 2026 को चौकी चेन्द्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बड़े पिता धरमदेव टोप्पो और उनकी पत्नी सुषमा ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर महेन्द्र टोप्पो के साथ ईंट से मारपीट की थी, शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 85/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की,मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों को बारीकी से विवेचना करने के निर्देश दिए थे, जांच के दौरान घायल महेन्द्र टोप्पो का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान में कराया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय सूरजपुर और बाद में अंबिकापुर के संकल्प हॉस्पिटल रेफर किया गया, करीब तीन सप्ताह तक इलाज चलने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और परिजन उसे वापस घर ले आए। 8 मई 2026 की सुबह महेन्द्र टोप्पो की मौत हो गई, मृत्यु की सूचना मिलने पर चौकी चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस जोड़ते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया, पुलिस ने आरोपी धरमदेव टोप्पो (60 वर्ष) एवं उसकी पत्नी सुषमा स्वराज टोप्पो (43 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चन्द्रमेढ़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई, चौकी चेन्द्रा पुलिस ने दोनों आरोपियों को 8 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, पूरे मामले की कार्रवाई में चौकी प्रभारी केश्वर मरावी, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, लालमन राजवाड़े, आरक्षक कमलेश्वर सिंह, दीपक खलखो, मनोज जायसवाल, जगत पैंकरा एवं महिला आरक्षक आशा लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur