Breaking News

अम्बिकापुर@इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर युवती की फोटो वायरल करने वाला गिरफ्तार

Share

अम्बिकापुर,11 मई 2026 (घटती-घटना)। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर युवती की फोटो के साथ अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच में साइबर सेल अंबिकापुर और मेटा कंपनी से प्राप्त तकनीकी जानकारी अहम साबित हुई। पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को प्रार्थिया ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फोटो का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया है। आरोपी उस अकाउंट से अभद्र कमेंट लिखकर लगातार पोस्ट वायरल कर रहा था, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी। शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस एवं 12 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर सेल अंबिकापुर की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जानकारी जुटाई गई। मेटा कंपनी से प्राप्त डिटेल में अकाउंट से जुड़ा मोबाइल नंबर और ईमेल दरिमा रोड कांतिप्रकाशपुर निवासी शिवम सिन्हा पिता नंदकेश्वर सिन्हा के नाम पर पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से जुड़े फोटो और सोशल मीडिया अकाउंट संबंधी साक्ष्य भी मिले, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक अमन पुरी एवं रमेश रजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ थाने के सामने महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं एक बार फिर सिर …

Leave a Reply