श्रीमती रोक्तिमा यादव ने संभाली कमान,निरीक्षण से लेकर योजनाओं की समीक्षा तक दिखी सख्ती

-संवाददाता-
कोरिया,11 मई 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले को नई प्रशासनिक कमान मिल चुकी है, वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले की 20वीं कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है, उनके पदभार संभालते ही प्रशासनिक व्यवस्था में सक्रियता और अनुशासन का माहौल देखने को मिला, जिले की चौथी महिला कलेक्टर के रूप में उन्होंने कार्यभार संभाला है। इससे पहले वर्ष 2006 में जिले को पहली महिला कलेक्टर मिली थी। श्रीमती रोक्तिमा यादव का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक माना जाता है, उन्होंने पूर्व में कई जिलों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्य किया है और ग्रामीण विकास,सामाजिक योजनाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कलेक्टर बनने से पहले वे समाज कल्याण विभाग में संचालक के पद पर कार्यरत थीं,जहां उन्होंने सामाजिक सुरक्षा एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
पदभार संभालते ही दिखी कार्यशैली
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही कलेक्टर श्रीमती यादव ने कलेक्ट्रेट एवं जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद किया तथा कार्यालयीन कार्यों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय केवल प्रशासनिक भवन नहीं बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र है, इसलिए यहां आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण और समय पर कार्य मिलना चाहिए, निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने, रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने तथा लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए,उन्होंने नस्तियों एवं अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि व्यवस्थित रिकॉर्ड प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
पूर्व कलेक्टर का स्थानांतरण
उल्लेखनीय है कि पूर्व कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी का स्थानांतरण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर पद पर किया गया है, उनका कोरिया जिले में लगभग 21 माह का कार्यकाल रहा। उनके कार्यकाल में कई प्रशासनिक और विकासात्मक गतिविधियां संचालित हुईं,अब जिले की कमान रोक्तिमा यादव को सौंपे जाने के बाद प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्रीमती यादव ने विशेष रूप से दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया, उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे,उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में विशेष शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाए, उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आम नागरिक इसका लाभ ले सकें। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
पहली ही बैठक में योजनाओं की गहन समीक्षा-
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्रीमती यादव ने समय-सीमा की बैठक आयोजित कर राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की, बैठक में राजस्व, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मार्कफेड, सहकारिता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, कृषि, वन, शिक्षा, नगरीय निकाय, जल संसाधन तथा लोक निर्माण विभाग सहित कई विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई, उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जिन विभागों की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, वे तत्काल कार्यों में तेजी लाएं और समय-सीमा के भीतर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्रों की उपलब्धता, एग्रीस्टेक पंजीयन, मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, आधार अपडेट, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड तथा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी की समीक्षा भी की।
प्रशासनिक अमले को दिए स्पष्ट संदेश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही, उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रभाकर खलको, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर डी.डी. मंडावी, संयुक्त कलेक्टर अमित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर राकेश साहू, एसडीएम बैकुंठपुर उमेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur