Breaking News

कोरिया@ सहयोग’ या ‘वसूली’? कर्मा जयंती में नया विवाद…वायरल चैट,बड़ा सवाल

Share

  • सूरजपुर का कार्यक्रम,कोरिया में बवाल:‘सहयोग राशि’पर समाज में संग्राम
  • सरकारी मंच,समाज का फंड! कर्मा जयंती में ‘सहयोग’ या ‘वसूली’?
  • जयकारों के बीच जमा होती रही राशि? कर्मा जयंती पर उठे सवाल
  • भक्ति के साथ बिल भी? कार्यक्रम के बाद ‘सहयोग राशि’ पर घमासान
  • सरकारी प्रोटोकॉल में आयोजन,फिर भी वसूली? कोरिया में उठा विवाद
  • कार्यक्रम बना सियासत का मुद्दा,कोरिया में समाज के भीतर टकराव
  • सूरजपुर में आयोजन,कोरिया में सवाल: आखिर पैसा किस बात का?


-रवि सिंह-
कोरिया,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)।
सूरजपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति जहां एक ओर सामाजिक एकता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी गई,वहीं दूसरी ओर कोरिया जिले में उसी कार्यक्रम को लेकर आर्थिक वसूली के आरोपों ने विवाद को जन्म दे दिया है, यह मामला अब समाज के भीतर खुली बहस और असंतोष का कारण बन गया है।
व्हाट्सएप चैट वायरल,आरोपों को मिला आधार
विवाद तब और गहरा गया जब कोरिया जिले के सामाजिक व्हाट्सएप ग्रुप का कथित चैट वायरल हो गया, इस चैट में कार्यक्रम के नाम पर राशि एकत्र करने की चर्चा सामने आई,जिसके बाद समाज के भीतर ही विरोध के स्वर तेज हो गए,सूत्रों के अनुसार,कोरिया जिले से करीब 2 लाख रुपये से अधिक राशि जुटाए जाने की बात चर्चा में है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
समाज के भीतर पहले से मौजूद असंतोष
यह विवाद अचानक नहीं उभरा, बल्कि इसकी पृष्ठभूमि पहले से तैयार थी,कोरिया जिले में समाज के अध्यक्ष चुनाव को लेकर पहले ही मतभेद और विरोध की स्थिति बनी हुई है,नव-निर्वाचित अध्यक्ष को लेकर आपत्तियां, समाज के भीतर गुटबाजी,ऐसे में सूरजपुर कार्यक्रम से जुड़ा वसूली का मुद्दा इस असंतोष को और उभारने का कारण बन गया है।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर उठे सवाल
पूरा मामला अब कुछ अहम सवालों के इर्द-गिर्द घूम रहा है क्या वसूली स्वैच्छिक सहयोग था या अनिवार्य रूप से लिया गया? क्या आयोजन पूरी तरह शासकीय था या आंशिक रूप से सामाजिक सहयोग से संचालित? यदि सरकारी आयोजन था, तो आर्थिक संग्रहण की आवश्यकता क्यों पड़ी? इन सवालों पर अभी तक संबंधित पदाधिकारियों या आयोजकों की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
प्रशासन और आयोजकों की चुप्पी
अब तक इस मामले में न तो प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया आई है और न ही समाज के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट की है, इस चुप्पी ने विवाद को और हवा देने का काम किया है।
बता दे सूरजपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय सामाजिक धार्मिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य बना दिया,लेकिन कार्यक्रम के बाद कोरिया जिले में उठे ‘सहयोग राशि’ (वसूली) के आरोपों ने पूरे आयोजन को बहस के कटघरे में ला खड़ा किया है, आस्था के मंच पर जहां जयकारे गूंजे,वहीं पीछे से ‘राशि जमा कर दीजिए’ की आवाजें भी चर्चा में आ गईं।
भव्य आयोजन,मजबूत सरकारी उपस्थिति
सूरजपुर जिला मुख्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम समाज विशेष के आराध्य से जुड़ा धार्मिक आयोजन था,कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए,पूरे आयोजन में प्रशासनिक तैयारियां,सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल स्पष्ट रूप से शासकीय स्तर के अनुरूप नजर आए,संभाग के विभिन्न जिलों से समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए,जिससे आयोजन का व्यापक स्वरूप सामने आया।
आरोपों की शुरुआतः जब सरकारी आयोजन,तो फिर वसूली क्यों?
कार्यक्रम के बाद कोरिया जिले में समाज के कुछ लोगों द्वारा सवाल उठाए गए कि जब कार्यक्रम शासकीय प्रोटोकॉल के तहत आयोजित था मुख्यमंत्री,मंत्री और प्रशासन की सक्रिय भागीदारी थी तो समाज के लोगों से आर्थिक सहयोग (राशि) क्यों मांगी गई? यही सवाल अब विवाद का मुख्य केंद्र बन गया है।
वायरल चैटः श्रद्धा का स्क्रीनशॉट या वसूली का सबूत?
कोरिया जिले के एक सामाजिक व्हाट्सऐप समूह का कथित चैट सामने आने के बाद विवाद ने रफ्तार पकड़ ली,चैट में साफ तौर पर लिखा गया— जो सहयोग राशि इकट्ठा किए हैं,आज ही जमा करें… अब यह लाइन ही पूरे विवाद की आत्मा बन गई है, क्योंकि सवाल सीधा है— सहयोग था या निर्देश ? सूत्र बताते हैं कि करीब 2 लाख रुपये से अधिक राशि कोरिया जिले से एकत्र होने की चर्चा है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन चर्चा इतनी है कि अब यह मुद्दा चाय की टपरी से लेकर व्हाट्सएप स्टेटस तक पहुंच चुका है।
आस्था के मंच पर विवाद की परछाई
सूरजपुर का यह आयोजन जहां सामाजिक आस्था,एकता और राजनीतिक उपस्थिति का बड़ा मंच बना,वहीं कोरिया में उठे वसूली के आरोपों ने इसकी छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं,यदि समय रहते स्थिति स्पष्ट नहीं की गई, तो यह विवाद समाज के भीतर गहरी दरार का कारण बन सकता है।
डिस्क्लेमर
यह समाचार विभिन्न स्थानीय स्रोतों,सामाजिक चर्चाओं एवं वायरल व्हाट्सएप चैट में सामने आए दावों के आधार पर तैयार किया गया है,प्रस्तुत जानकारी में लगाए गए वसूली संबंधी आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, समाचार का उद्देश्य केवल तथ्यों एवं उठ रहे सवालों को प्रस्तुत करना है, संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण प्राप्त होने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply