Breaking News

अम्बिकापुर@जमीन विवाद में बुजुर्ग किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या

Share

विवादित भूमि की जुताई को लेकर हुआ खूनी संघर्ष,8 आरोपी गिरफ्तार…

राजस्व न्यायालय में भी चल रहा है मामला…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 जून 2026 (घटती-घटना)। बतौली थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम सिलमा निवासी 57 वर्षीय किसान होस राम पैंकरा की विवादित जमीन पर हुए विवाद के दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार सुबह करीब 11.30 बजे की है। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम सिलमा निवासी होस राम पैंकरा और ग्राम पथरई निवासी बजरंग पैंकरा के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवादित भूमि लालमाटी क्षेत्र में स्थित है। दोनों पक्ष उक्त जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। करीब दो माह पूर्व भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। रविवार को बजरंग पैंकरा का बेटा ट्रैक्टर लेकर विवादित जमीन की जुताई करने पहुंचा था। उसके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। इसकी जानकारी मिलने पर होस राम पैंकरा अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और जुताई का विरोध किया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बजरंग पैंकरा और उसके परिवार के लोगों ने होस राम तथा उनके परिजनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान जमीन पर गिरे होस राम के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया,जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दबिश देकर मामले में भुवनेश्वर,बजरंग,उमेश, मनोज,रघुनंदन, बोधन,कमली और प्यारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घटना के समय ट्रैक्टर उमेश चला रहा था।
वसीयतनामा को लेकर भी है विवाद…
जानकारी के अनुसार विवादित भूमि कामेश्वरी नामक महिला के नाम दर्ज थी। महिला निःसंतान थी और उसकी देखरेख धनेश्वरी करती थी। इसी आधार पर भूमि का वसीयतनामा धनेश्वरी के पक्ष में किए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरा पक्ष भी जमीन पर अपना अधिकार जता रहा है। भूमि संबंधी मामला वर्तमान में राजस्व न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद के बीच हत्या की यह वारदात सामने आई।


Share

Check Also

सूरजपुर@ विश्व रक्तदाता दिवस : कलेक्टर ने किया रक्तदान 29 बार रक्तदान कर मिसाल बने महेश कुमार दोहरे

Share जिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित,जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा-संवाददाता-सूरजपुर,14 जून …

Leave a Reply