मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से किया अनावरण, कुपोषण से लड़ने 967 बच्चों के लिए ‘बालभोग’ कार्यक्रम शुरू
-संवाददाता-
बलरामपुर,28 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। अविभाजित सरगुजा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले और आदिवासी समाज के प्रमुख नेताओं में शुमार स्वर्गीय लरंग साय की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में उनके पैतृक ग्राम चिरई में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम चिरई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया। इस अवसर पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को 202 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत के 2009 विकास कार्यों की सौगात मिली। कार्यक्रम में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के साथ कुपोषण मुक्ति के लिए ‘बालभोग’ कार्यक्रम की शुरुआत भी की गई।
सादगी,ईमानदारी और जनसेवा के प्रतीक थे लरंग साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्गीय लरंग साय को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी,ईमानदारी और स्पष्टवादिता का उदाहरण रहा है। एक साधारण शिक्षक से केंद्रीय मंत्री तक का उनका सफर आने वाली पीढि़यों को प्रेरणा देता रहेगा। आदिवासी समाज के उत्थान और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए उनके योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे जननेताओं की स्मृतियां समाज को सेवा और समर्पण की राह दिखाती हैं। प्रतिमा अनावरण के साथ मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें शंकरगढ़ में विद्यालय भवन का जीर्णोद्धार,ग्राम चांदों में सामुदायिक भवन का निर्माण तथा ग्राम चिरई में स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा के समीप भव्य स्मृति द्वार का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और स्वर्गीय लरंग साय की स्मृति को संरक्षित करने की उम्मीद है।
2009 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन : मुख्यमंत्री द्वारा दी गई विकास कार्यों की सौगात में 156 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत के 1863 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 45 करोड़ 97 लाख रुपये के 146 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन कार्यों से जिले में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। भूमिपूजन एवं शिलान्यास के प्रमुख कार्यों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 71 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कें, कुसमी क्षेत्र में 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से पांच पुलों का निर्माण तथा जिला चिकित्सालय में 4 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने का कार्य शामिल है। इसके अलावा वीबी-जी राम जी योजना के तहत प्रस्तावित कार्य भी इस सूची में शामिल हैं। वहीं, लोकार्पित कार्यों में 15 एकल ग्राम नल-जल योजनाएं,मनरेगा के तहत निर्मित 97 चेकडैम, नए छात्रावास, उप स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन प्रमुख हैं। इन सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता, सिंचाई, स्वास्थ्य सेवाओं और महिलाओं की सामुदायिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की संभावना है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा,लरंग साय सेवा समिति के अध्यक्ष राम लखन सिंह पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण, उनके नाम पर स्मृति द्वार की घोषणा और जिले को मिली विकास कार्यों की सौगात ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया। वहीं, ‘बालभोग’ कार्यक्रम से कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने की पहल को जिले में बाल स्वास्थ्य सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब इन योजनाओं की वास्तविक सफलता उनके समयबद्ध क्रियान्वयन, सुविधाओं की गुणवत्ता और लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचने पर निर्भर करेगी।
967 कुपोषित बच्चों को मिलेगा पौष्टिक लड्डू
कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियों में महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल पर शुरू किया गया ‘बालभोग’ कार्यक्रम भी रहा। इसका उद्देश्य शंकरगढ़ विकासखंड में कुपोषण की समस्या को कम करना और बच्चों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराना है। योजना के तहत क्षेत्र के 967 कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन 30 ग्राम पौष्टिक लड्डू दिए जाएंगे। श्रीअन्न यानी मिलेट,रागी और सूखे मेवों से तैयार इन लड्डुओं के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी भी की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को भी मिलेट आधारित उत्पाद उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur