Breaking News

दुर्ग-भिलाई@ 100 करोड़ की ठगी के आरोप में बीजेपी नेता गिरफ्तार

Share


भिलाई का संदीप अग्रवाल झारखंड में सरेंडर करने पहुंचा था,13 महीने से था फरार
दुर्ग-भिलाई,28 अक्टूबर 2026 ।
कारोबार के नाम पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी के आरोप में भिलाई जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह करीब 13 महीने से फरार था। पुलिस ने उसे झारखंड में एक थाने के बाहर से पकड़ा। बताया जा रहा है कि वह सरेंडर करने पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोप है कि, संदीप अग्रवाल और उसके परिवार के सदस्यों ने साथियों के साथ मिलकर कारोबार की आड़ में गुजरात, पश्चिम बंगाल और झारखंड में 300 करोड़ रुपए से ज्यादा का गबन किया। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। अहमदाबाद, गांधीधाम, भुवनेश्वर, रायपुर, भिलाई और कोलकाता समेत कई शहरों में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, संदीप करीब 13 महीने से पुलिस से बच रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गुजरात, पश्चिम बंगाल और झारखंड में दर्ज मामलों के सिलसिले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान कोलकाता पुलिस को उसके झारखंड के एक थाने में पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और थाने के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि, संदीप अग्रवाल भिलाई में खुद को भाजपा नेता बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था।
आरोप है कि वह अपने राजनीतिक संपर्कों का इस्तेमाल कर पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश करता था। कारोबार में निवेश और लेन-देन के नाम पर रकम लेने के बाद धोखाधड़ी किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। संदीप गुजरात के डीसीबी थाने से जुड़े एक मामले में पहले से जमानत पर था। इस मामले में पुलिस अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। वहीं, झारखंड पुलिस ने भी अदालत के आदेश पर उसके घर पर नोटिस चस्पा किया था।
दोनों भाई और भाभी भी आरोपी
इस मामले में संदीप के परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। उसके बड़े भाई संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल भी अलग-अलग मामलों में नामजद आरोपी हैं। दोनों के खिलाफ पहले लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था, जिससे वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें। संजय और सचिन गांधीधाम और धनबाद की जेलों में करीब 13 महीने तक बंद रहे थे। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद दोनों जेल से बाहर आए। संजय अग्रवाल की पत्नी राखी भी इस मामले में सह आरोपी हैं। वह धनबाद जेल में करीब दो महीने रहने के बाद जमानत पर बाहर आ चुकी हैं।


Share

Check Also

रायपुर@ धान की कीमत 3358 प्रति क्विंटल करने की मांग

Share पीसीसी चीफ दीपक बैज बोले…दिवाली से पहले किसानों को 6000 करोड़ दे सरकाररायपुर,28 अक्टूबर …

Leave a Reply